खबर शहर , कुपोषण पर वार: गर्भवती और नवजात शिशुओं की सेहत संवारेगा प्रशासन – INA

आगरा। कुपोषण को जड़ से मिटाने और बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए 1 सितंबर को राष्ट्रीय पोषण सप्ताह का आगाज हो रहा है। प्रशासन पूरे सप्ताह विशेष अभियान चलाकर महिलाओं और बच्चों में संतुलित खान-पान और सही पोषण की आदतों को बढ़ावा देगा।
जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज मौर्य ने बताया कि अभियान के दौरान जिला व ब्लॉक स्तर पर पोषण मेलों का आयोजन कर मोटे अनाज, हरी सब्जियों और प्रोटीन युक्त आहार के लाभ बताए जाएंगे। डिजिटल वेबिनार के जरिये डाइटिशियन और डॉक्टर सेहतमंद रहने के टिप्स देंगे। आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से घर-घर जाकर गर्भवती व धात्री महिलाओं को आयरन और फॉलिक एसिड की गोलियां बांटी जाएंगी। साथ ही शिशु देखभाल और स्तनपान के महत्व पर जानकारी दी जाएगी।
जिला महिला चिकित्सालय की मुख्य अधीक्षक पुष्पलता ने बताया कि अस्पताल में पोषण सप्ताह के लिए पूरी तैयारी कर ली गई है। काउंसिलिंग डेस्क भी बनाई गई है। इसके अलावा भर्ती मरीजों को सही पोषण युक्त डाइट चार्ट उपलब्ध कराया जाएगा और पोषण पुनर्वास केंद्र में अति कुपोषित बच्चों के इलाज व देखभाल के विशेष इंतजाम किए गए हैं।