खबर शहर , भविष्य से खिलवाड़ : धर्मशाला में चलता मिला विद्यालय – INA

आगरा। सैंया के तेहरा में श्री सरस्वती ज्ञान मंदिर विद्यालय धर्मशाला में संचालित होता मिला। विद्यालय प्रबंधन समय देने के बाद भी भूमि और भवन से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा सका। मान्यता कक्षा एक से पांच तक होने के बावजूद कक्षा छह से आठ तक कक्षाएं संचालित होती मिलीं। इस पर खंड शिक्षा अधिकारी ने प्रबंधक और प्रधानाचार्य के खिलाफ प्राथमिकी के लिए थाने में तहरीर दी है।
खंड शिक्षा अधिकारी सुमित कुमार सिंह ने बताया कि अगस्त माह में हुए स्थलीय निरीक्षण में विभागीय टीम को विद्यालय में कई अनियमितताएं मिलीं। मौका देने के बाद भी विद्यालय की भूमि और भवन संबंधी अभिलेख प्रबंधन प्रस्तुत नहीं कर सका। निरीक्षण के दौरान टीम के साथ अभद्रता की गई। सरकारी कार्य में बाधा डालने की भी कोशिश की गई। इससे पहले शिकायत पर प्रधानाचार्य हिमांचल सिंह ने लिखित आश्वासन दिया था कि अमान्य कक्षाएं बंद कर दी गई हैं। इसके बावजूद निरीक्षण में इन कक्षाओं का संचालन होता मिला।
विद्यालय में एक वैन भी मिली लेकिन उसके फिटनेस संबंधी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। विद्यालय को पहले भी मान्यता प्रत्याहरण, अमान्य कक्षाएं बंद कराने, एक लाख रुपये जुर्माना और 10 हजार रुपये प्रतिदिन दंड लगाने संबंधी नोटिस दिए जा चुके हैं। इसके बावजूद विद्यालय संचालन में सुधार नहीं होने पर अब पुलिस से एफआईआर दर्ज कर विद्यालय को तत्काल बंद कराने के लिए कहा गया है।
वर्जन :
– थानेदार को तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई के लिए कह दिया गया है। पुलिस ने भी अपने स्तर से पड़ताल शुरू कर दी है। – जसबीर सिंह सिरोही, एसीपी सैंया