खबर शहर , UP: राहत के बाद तपे तेवर, ताजमहल घूमने आए 6 पर्यटक बीमार; अगले तीन दिन जानें कैसा रहेगा मौसम – INA

आगरा में दो दिनों की बारिश से मिली राहत के बाद बुधवार को मौसम ने फिर करवट बदली। तीखी धूप व उमस ने लोगों के पसीने छुड़ा दिए। हालांकि, मौसम विज्ञान विभाग ने राहत का पूर्वानुमान जताते हुए कहा है कि अगले तीन दिनों तक क्षेत्र में आंधी और बारिश के आसार हैं, जिससे तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है।

Table of Contents

बुधवार को आगरा का अधिकतम तापमान 38.3 और न्यूनतम तापमान 26.1 डिग्री दर्ज किया गया। इस भीषण गर्मी का सबसे ज्यादा असर सैलानियों पर देखने को मिला, जहां ताजमहल भ्रमण के दौरान छह पर्यटकों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। इनमें से तीन की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर करना पड़ा।

ताजमहल के पश्चिमी गेट पार्किंग स्थित पर्यटक सुविधा केंद्र पर तैनात डॉ. रिंकू बघेल ने बताया कि बिजनौर के सत्यवीर और फिरोजाबाद के राधा मोहन को उल्टी-दस्त की शिकायत थी। वहीं, पश्चिम बंगाल (दुर्गापुर) की मिथू बनर्जी गर्मी के कारण गश खाकर गिर पड़ीं। महाराष्ट्र के भावेश भीमराव को बुखार, ओडिशा की फरीदा को उल्टी और राजस्थान के भेरूलाल माली को चक्कर आने पर प्राथमिक उपचार दिया गया। इसी दौरान पश्चिमी गेट पार्किंग के पास खेलते समय फिरोजाबाद का एक चार वर्षीय बच्चा गिरकर चोटिल हो गया, जिसके सिर पर डॉक्टरों ने ड्रेसिंग की।

 


Credit By Amar Ujala

Back to top button