खबर शहर , यूपी: आगरा के जूता उद्योग की वैश्विक बाजार पर नजर, पीएम मोदी और स्विस राष्ट्रपति की बैठक में पूरन डावर शामिल – INA

 नई दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस में बृहस्पतिवार को आयोजित उच्चस्तरीय द्विपक्षीय वार्ता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गी पार्मेलिन के साथ ताजनगरी के उद्योगपति पूरन डावर ने हिस्सा लिया। भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अंतर्गत विकास परिषद फॉर फुटवियर एंड लेदर इंडस्ट्री के चेयरमैन के रूप में उन्होंने भारतीय फुटवियर और लेदर सेक्टर का प्रतिनिधित्व किया।

भारत और यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ के बीच हुए व्यापार एवं आर्थिक साझेदारी समझौते के तहत अगले 15 वर्षों में 100 अरब डॉलर के निवेश और 10 लाख रोजगार का लक्ष्य रखा गया है। इस परिप्रेक्ष्य में यह बैठक देश के विनिर्माण (मैन्युफैक्चरिंग) और निर्यात क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बैठक के बाद पूरन डावर ने कहा कि स्विस साझेदारी से आगरा के फुटवियर उद्योग को उन्नत तकनीक, आधुनिक डिजाइन और वैश्विक बाजार तक सीधी पहुंच मिलने की पूरी संभावना है। पूरन डावर वर्ष 1994 में स्थापित आगरा फुटवियर मैन्युफैक्चरर्स एंड एक्सपोर्टर्स चेंबर के संस्थापक सदस्य और बोर्ड ऑफ ट्रेड के गैर-सरकारी सदस्य भी हैं।

पीएम को याद दिलाई विजय शंखनाद रैली

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के दौरान पूरन डावर ने वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव से जुड़ी आगरा की यादें भी साझा कीं। उन्होंने प्रधानमंत्री को आगरा में आयोजित विजय शंखनाद रैली का स्मरण कराया जिसमें उन्हें नरेंद्र मोदी के साथ मंच साझा करने का अवसर मिला था। उस समय नरेंद्र मोदी भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार थे। करीब 12 वर्ष बाद हैदराबाद हाउस में हुई इस मुलाकात के दौरान डावर ने अपने अनुभव और रैली से जुड़ी स्मृतियां साझा कीं।

 


Credit By Amar Ujala

Back to top button