खबर शहर , UP: जानें कौन है अनुराग वैद्य, जिसने व्यापारियों से की करोड़ों की ठगी; कोर्ट में सरेंडर से पहले पुलिस ने दबोचा – INA

मथुरा में लाॅटरी और प्रॉपर्टी में निवेश के नाम पर व्यापारियों से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले मुख्य आरोपी गैंगस्टर अनुराग वैद्य को गोविंद नगर थाना पुलिस ने कोर्ट में आत्मसमर्पण से पहले गिरफ्तार कर लिया है। इसके बाद कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। वह कई महीनों से मामले में वांछित चल रहा था। इसी मामले में पुलिस ने 2 जुलाई को सपा नेता अनिल अग्रवाल को हिरासत में लेकर घंटों तक पूछताछ की थी।
कोतवाली पुलिस ने मामले में 10 नवंबर 2025 को दो प्राथमिकी दर्ज की थीं। दोनों प्राथमिकी में अनुराग अग्रवाल उर्फ वैद्य, नौहझील के सपा नेता अनिल अग्रवाल, निहारिका अग्रवाल, सिद्धार्थ अग्रवाल, साहिल अग्रवाल, योगेश अग्रवाल, आकाश वाल्मीकि, प्रमोद वाल्मीकि समेत एक अन्य अज्ञात को पुलिस ने नामजद किया था। राधा वैली निवासी शुभम अग्रवाल, मधुवन एन्क्लेव निवासी पवन अग्रवाल, नई मंडी निवासी मनोज अग्रवाल और आदर्श नगर निवासी केके शिवहरे ने बताया था कि अनुराग अग्रवाल उर्फ वैद्य अपने परिवार और साथियों के साथ मिलकर व्यापारियों को लाॅटरी और भूमि में निवेश का झांसा देकर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी की है।
गिलट कारोबारी मनीष अग्रवाल का आरोप है कि उन्होंने अनुराग वैद्य को 40 लाख रुपये की चार लॉटरी डालने के लिए दिए थे। निर्धारित समय पूरा होने के बाद भी न तो रकम लौटाई और न ही भूमि का बैनामा कराया गया। इसी तरह व्यापारी राहुल बंसल ने 1.20 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। इसी बीच एसएसपी श्लोक कुमार ने गिरोह के सदस्य अनुराग और सपा नेता अनिल अग्रवाल पर गैंगस्टर की कार्रवाई की थी। एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मामले का मुख्य आरोपी अनुराग वैद्य को गिरफ्तार कर लिया है।
सपा नेता से हुई थी घंटों पूछताछ
इस मामले में कोतवाल विनोद बाबू मिश्र ने अनुराग वैद्य और नौहझील निवासी सपा नेता अनिल अग्रवाल पर गैंगस्टर की कार्रवाई की थी। कोतवाली पुलिस ने 2 जुलाई को सपा नेता को हिरासत में लिया था और उसे गोविंद नगर पुलिस के सुपुर्द किया था। गोविंद नगर पुलिस ने सपा नेता से घंटों तक पूछताछ की थी और बाद में छोड़ दिया था। हालांकि अनुराग वैद्य की तलाश जारी थी।