खबर शहर , UP: चलती ट्रेन से युवक को फेंका, बहन से छेड़खानी; प्रयागराज सुपरफास्ट एक्सप्रेस मामले की जांच करेगी ये टीम – INA

लालगढ़-प्रयागराज सुपरफास्ट एक्सप्रेस में बहन से छेड़खानी का विरोध करने पर भाई को चलती ट्रेन से फेंकने के मामले में रेलवे ने जांच शुरू कर दी है। जीआरपी और आरपीएफ की एक संयुक्त टीम गठित की गई है। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लिए हैं।

स्टेशन के वेंडर और अन्य स्टाफ से भी पूछताछ की जाएगी। जीआरपी पुलिस अधीक्षक के समन्वय से आरोपियों की पहचान के प्रयास जारी हैं। ट्रेन में तैनात जीआरपी एस्कॉर्ट की भूमिका की भी जांच होगी। जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि प्रत्येक बिंदु की जांच हो रही है। दोषियों की पहचान होते ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी। आगरा मंडल से गुजरने वाली सभी ट्रेनों में एस्कॉर्ट व्यवस्था की समीक्षा होगी।

यह थी घटना

शनिवार रात हमीरपुर जिले के भाई-बहन लालगढ़-प्रयागराज सुपरफास्ट एक्सप्रेस से कानपुर लौट रहे थे। आगरा कैंट से चढ़े युवकों ने बहन पर टिप्पणी की। विरोध करने पर फतेहाबाद स्टेशन से पहले उनसे मारपीट की गई। आरोपियों ने भाई को चलती ट्रेन से फेंक दिया और बहन को भी फेंकने का प्रयास किया, पर वह बच गई। बहन ने 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और आरपीएफ ने घायल भाई-बहन को सीएचसी फतेहाबाद में भर्ती कराया।

 


Credit By Amar Ujala

Back to top button