खबर शहर , ‘हम जान दे रहे हैं…’ भाई को फोन पर दी धमकी: देवर-भाभी ने मोबाइल किया बंद, नहर किनारे मिला सामान – INA

कासगंज में रात के 3 बजे भाई के फोन की घंटी बजी, दूसरी तरफ से आवाज आई- ‘हम मां की कसम खाते हैं, हजारा नहर में कूदकर जान दे रहे हैं…’ और इसके बाद मोबाइल बंद हो गया!” नदरई स्थित हजारा नहर के पिकनिक पॉइंट पर जब पुलिस को आभूषण, पर्स और कपड़ों से भरी लावारिस थैली मिली, तो इस धमके भरे कॉल का सच सामने आया। अंबाला में एक ही कमरे में साथ रहने के दौरान देवर-भाभी के बीच पनपे अवैध संबंधों का अंत आखिरकार नहर में छलांग लगाकर सुसाइड की आशंका पर आकर टिका है। मौके पर पीएसी फ्लड कंपनी सर्च ऑपरेशन चला रही है।

सदर कोतवाली पुलिस के मुताबिक, मंगलवार की सुबह पीआरवी-7910 के जरिये पुलिस को सूचना मिली कि नदरई स्थित हजारा नहर के पिकनिक पॉइंट के पास एक थैली में कुछ लावारिस सामान पड़ा है। जांच के दौरान पता चला कि सामान सदर कोतवाली के गांव मनौटा निवासी युवक और उसकी भाभी का है। 

युवक सोमवार को सुबह घर से दवाई लेने की बात कहकर निकला था। उधर, हरियाणा के पानीपत में काम करने वाला उसका बड़ा भाई जब सोमवार रात कमरे पर पहुंचा तो उसकी पत्नी गायब थी और चार साल की बच्ची अकेली लेटी हुई थी। उसने जब भाई को फोन किया तो उसने बताया कि भाभी उसके साथ दिल्ली में है और चिंता की कोई बात नहीं है।

रात 3 बजे फोन कर कही जान देने की बात

सोमवार देर रात करीब 3:00 बजे युवक ने अपने भाई को फोन कर बताया कि वे दोनों नदरई स्थित हजारा नहर के पास हैं और मां की कसम खाते हैं कि हजारा नहर में कूदकर जान दे रहे हैं। इस दौरान महिला ने भी फोन पर बात की। उसने दोनों को मैसेज कर बहुत समझाया, लेकिन इसके बावजूद दोनों का फोन बंद हो गया।

अवैध संबंधों के चलते जान देने की आशंका

पुलिस जांच में सामने आया कि युवक ने वर्ष 2021 में अपने ही गांव की युवती से प्रेम विवाह किया था। इसके बाद मई 2025 से मई 2026 के दौरान वो, उसकी पत्नी और छोटा भाई अंबाला (हरियाणा) में एक साथ एक ही कमरे में रहते थे। इसी दौरान  देवर और  भाभी के बीच नजदीकियां और संबंध बन गए थे।

नहर किनारे मिला सामान, तलाश जारी

पुलिस को मौके से बैग मिला है। इसके अंदर पर्स, जेवर, महिला का पासपोर्ट साइज फोटो, ड्राइविंग लाइसेंस, 4 एटीएम कार्ड, एक जोड़ी लेडीज कपड़े और पांच हजार रुपये मिले। मौके पर परिजन की मौजूदगी में पुलिस और गोताखोरों की ओर से नहर में दोनों की सघन तलाश की जा रही है। कोतवाली प्रभारी जगदीश चंद्र ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला देवर-भाभी के नहर में कूदकर आत्महत्या करने का प्रतीत हो रहा है। दोनों की नहर में तलाश कराई जा रही है।


Credit By Amar Ujala

Back to top button