खबर शहर , यूपी: आगरा में डेंगू-मलेरिया का हमला, दो बच्चों समेत तीन नए मरीज मिले; इन बातों को रखें विशेष ध्यान – INA

बाहर का तापमान कम होने से मच्छर घरों में छिप रहे हैं। इनके काटने से डेंगू-मलेरिया के मरीज बढ़ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की जांच में दो बच्चों समेत तीन में डेंगू-मलेरिया की पुष्टि हुई है। इनकी हालत गंभीर नहीं है और घर पर ही इलाज चल रहा है। सर्वे में 15 घरों में डेंगू का लार्वा भी मिला है।

सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि मलपुरा और चाहरवाटी में दो बच्चों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इनकी उम्र छह और आठ साल है। बुखार ठीक नहीं होने और लक्षण प्रतीत होने पर इनके नमूने लेकर लैब में जांच कराई, जहां डेंगू की पुष्टि हुई है। मलेरिया का भी एक मरीज मिला है। घर में एंटी लार्वा छिड़काव कराया गया है।

डीएमओ राजेश गुप्ता ने बताया कि टीम ने सर्वे भी किया है, 15 घरों में ड्रम, हौद में भरे पानी में डेंगू का लार्वा मिला है। इनको नष्ट करा दिया है। इस साल डेंगू के 27 और मलेरिया के 20 मरीज हो गए हैं। तीन सक्रिय मरीज हैं, बाकी ठीक हो गए हैं। मच्छर से बचाव के लिए पूरी आस्तीन के कपड़े पहनकर रहें, आसपास पानी न भरने दें, पानी को ढक कर रखें और मच्छररोधी साधन अपनाएं।


Credit By Amar Ujala

Back to top button