खबर शहर , सड़क पर ठेलों का कब्जा: यूटर्न लेकर भी जाम से राहत नहीं, स्कूल जाने वाले बच्चों की बढ़ी मुसीबत – INA

यातायात पुलिस ने घटिया आजम खां चौराहे पर जाम से राहत दिलाने के लिए चौराहे को बैरिकेडिंग लगाकर बंद कर दिया है। राहगीरों को यूटर्न लेकर आना होता है। इससे चौराहे पर भीड़ नहीं है लेकिन पूरे मार्ग पर ठेले का जमावड़ा लगने से सड़क पर चलना मुश्किल है। सुबह से लेकर रात तक राहगीरों को जाम से दो-चार होना पड़ रहा है।
हरीपर्वत क्षेत्र के घटिया आजम खां चौराहे पर पुलिस चौकी भी है। इस क्षेत्र पर कई बड़े स्कूल हैं। साथ ही थोक और फुटकर का बड़ा बाजार भी है। चौराहे से वजीरपुरा रोड पर सब्जी मंडी है। सड़क पर दोनों ओर रोजाना 40 के करीब फल और सब्जी के ठेले लगते हैं। इसके कारण सड़क का मात्र चौथाई हिस्सा ही राहगीरों के लिए बचता है। स्कूल लगने और छूटने के दौरान चौराहे से निकलना मुश्किल हो जाता है।
इसी तरह चौराहे से सिटी स्टेशन रोड पर भी दुकानों के बाहर वाहन पार्किंग और अतिक्रमण हो रहा है। दोपहर के समय वाहनों के दबाव के कारण लोगों को निकलने के लिए 10 से 15 मिनट तक इंतजार करना पड़ता है। स्थानीय निवासी संजय बघेल ने बताया कि बच्चों को स्कूल ले जाने और वापस लाने के दौरान हालात बहुत खराब हो जाते हैं। स्कूल के गेट से जाम लगना शुरू होता है और चौराहे तक लाइन लग जाती है। दुकानों पर आने वाले लोग और सब्जी-फल खरीदने आने वाले लोग सड़क पर ही वाहन खड़े कर देते हैं। पुलिस भी इस ओर ध्यान नहीं देती है।
स्थानीय लोग संभालते हैं व्यवस्था
स्थानीय निवासी मुकुल ने बताया कि जाम लगने की स्थिति में स्थानीय बाजार कमेटी के लोगों को सड़क पर उतरना पड़ता है। पूर्व में एसीपी यातायात ने सीसीटीवी लगाने के साथ जाम लगने पर यातायात पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी तय की थी। अतिक्रमण हटवाया था। वर्तमान में जाम से राहत के लिए दोबारा काम करने की जरूरत है।
एडीसीपी ट्रैफिक अलका सिंह ने बताया कि नगर निगम से समन्वय कर अतिक्रमण और अन्य समस्याओं को दूर कराया जाएगा। शहर के पुराने क्षेत्रों में यातायात संचालन के लिए अतिरिक्त पुलिसकर्मी लगाए जाएंगे।