खबर शहर , यूपी: आगरा के इस थाने में सवा महीने में हुईं सात चोरियां, थाना प्रभारी पर गिरी गाज; कुलदीप को मिली कमान – INA

आगरा के अछनेरा में एक के बाद एक चोरी की घटनाओं की वजह से थाना प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार वर्मा चंदेल पर गाज गिर गई। पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने प्रभारी निरीक्षक को हटा दिया। उनके स्थान पर अपर पुलिस आयुक्त कार्यालय में तैनात एसआई कुलदीप कुमार को थानाध्यक्ष बनाया गया है।

कुलदीप कुमार पूर्व में फिरोजाबाद में एसओजी प्रभारी रहे। वर्ष 2020 में फिरोजाबाद के खैरगढ़ थाना क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से तीन लोगों की माैत हुई थी। आरोप लगा था कि शराब माफिया से महीनेदारी ली जाती है। विजिलेंस ने जांच के बाद दिसंबर 2023 में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसमें तत्कालीन थाना प्रभारी खैरगढ़ मुस्तकीम अली सहित 10 लोग नामजद किए थे। इनमें एसओजी प्रभारी कुलदीप सिंह भी शामिल थे। तब वो एसओ बरहन थे। उन्हें थाने से हटाया गया था। बाद में साक्ष्यों के अभाव में कुलदीप सिंह का नाम मुकदमे से निकल गया। अन्य के खिलाफ आरोपपत्र लगाया गया। उनका थाना प्रभारी की एप्रूव्ड लिस्ट में नाम था।

सवा महीने में चोरी की सात वारदात

– गांव झारोठी के दीवानी सिंह के घर में 2 लाख की चोरी।

– झारोठी की ही रामवती के यहां करीब 48 लाख की चोरी।

– फरह रोड स्थित बुर्जा वाला मंदिर में 2 लाख की चोरी।

– अनीता के घर में करीब सवा लाख की चोरी।

– गोबरा निवासी रोहतास के घर में पांच लाख की चोरी।

– नगला जाहरिया (मांगरोल जाट ) निवासी नारायण सिंह के घर में 30 लाख की चोरी।

– नगला जाहरिया निवासी बबलू के घर में 10 लाख की चोरी।

 


Credit By Amar Ujala

Back to top button