खबर शहर , गजब कर डाला: स्वीकृत गली छोड़ कॉलोनी में बना दी सड़क, सीसी रोड पर बड़ा सवाल; 6 अगस्त को होगी जांच – INA

आगरा के बिचपुरी जिला पंचायत द्वारा ग्राम पंचायत नानपुर में 7.42 लाख रुपये की सीसी रोड के निर्माण को लेकर उठे सवालों की अब छह अगस्त को जांच होगी। शिकायत के आधार पर अधिशासी अभियंता, निर्माण खंड-2, लोक निर्माण विभाग आगरा ने जांच की तारीख निर्धारित की है। जांच में शिकायतकर्ता, संबंधित अधिकारियों और विभागीय अभिलेखों के आधार पर निर्माण स्थल समेत अन्य बिंदुओं की पड़ताल की जाएगी।
किसान-मजदूर नेता चौधरी दिलीप सिंह ने ग्राम पंचायत नानपुर में अरुण सिंह के मकान से गुड्डू के मकान तक स्वीकृत सीसी रोड का निर्माण निर्धारित स्थल पर न कराकर खेत में विकसित निजी कॉलोनी में कराए जाने का आरोप लगाया है। शिकायत के समर्थन में उन्होंने 43 पेज के दस्तावेजी साक्ष्य अधिकारियों को सौंपे हैं। उनका आरोप है कि स्वीकृत स्थल पर सड़क न बनने के बावजूद अभिलेखों में कार्य पूर्ण दर्शाया गया है।
वहीं, जिस गली में सीसी रोड स्वीकृत हुई थी, वहां अब भी जलभराव और खराब रास्ते की समस्या बनी हुई है। इससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है। शिकायत में अवर अभियंता द्वारा 7,42,692 रुपये के बिल, एमबी संख्या 179, पृष्ठ 82 और 16 नवंबर 2024 की माप संबंधी प्रविष्टियों का भी उल्लेख किया गया है। इसके साथ ही मौके पर माप किए जाने के फोटो और शिलापट्ट की प्रतिलिपि भी साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत किए गए हैं।
शिकायतकर्ता ने निर्माण स्थल बदलने में संबंधित जेई और ठेकेदार की भूमिका की जांच कराने की मांग की है। अधिशासी अभियंता निर्माण खंड-2, लोक निर्माण विभाग आगरा जीके वार्ष्णेय छह अगस्त को मौके पर पहुंचकर जांच करेंगे। उन्होंने इसकी जानकारी शिकायतकर्ता को भी दे दी है।