खबर शहर , राइफल मिलते ही बदल गया हुलिया: शिक्षक ने चार साल बाद कटवाए बाल-दाढ़ी, ये खाई थी कसम; अब चर्चा में छाए – INA

आगरा के निजी स्कूल के शिक्षक उदय सिंह ने घर से राइफल चोरी होने के बाद चार साल तक बाल और दाढ़ी नहीं कटवाई थी। बुधवार को अपनी कसम पूरी होने पर उन्होंने अपना हुलिया बदला। गांव पहुंचने पर लोगों ने उन्हें दोबारा जवान दिखने की बधाई दी।
सैंया थाना के मुखरई गांव के पूर्व प्रधान उदय सिंह एक शिक्षक हैं। वह खुद का इंटर कॉलेज संचालित करते हैं। 6 जून 2022 की रात उनके घर से चार लाख रुपये नकदी और आभूषण चोरी हुए। चोर उनकी लाइसेंसी राइफल भी ले गए थे। लोगों के ताने से आहत होकर उन्होंने राइफल मिलने तक बाल-दाढ़ी न कटवाने की कसम खाई थी। उनकी जिद पर पत्नी नाराज होकर मायके चली गई, जो छह माह बाद लौटी।
खेरागढ़ पुलिस और एसओजी ने सोमवार रात 25 हजार रुपये के इनामी ध्रुव सिंह को गिरफ्तार किया। उसके पास से चोरी हुई राइफल, तमंचा, बाइक और 50 हजार रुपये बरामद हुए। उदय सिंह को सोमवार को राइफल मिलने की जानकारी मिली थी। मंगलवार को बाल-दाढ़ी कटाना दोष माना जाता है, इसलिए वह बुधवार को सैलून पहुंचे। सैलून में बाल और दाढ़ी कटवाने के बाद उन्होंने बालों में कलर लगवाया और पगड़ी पहनी। उदय सिंह ने पुलिस को धन्यवाद दिया और राइफल रिलीज कराने के लिए कोर्ट में आवेदन करेंगे।