Sports- CWG 2030: ग्लास्गो में अहमदाबाद को मिलेगा कॉमनवेल्थ गेम्स का झंडा, मेजबानी की होगी आधिकारिक शुरुआत -#INA

ग्लास्गो में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का समापन रविवार को होगा। समापन समारोह के दौरान अहमदाबाद को आधिकारिक तौर पर कॉमनवेल्थ गेम्स का झंडा और मेजबान बैटन सौंपा जाएगा। इसके साथ ही 2030 में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी की भारत की यात्रा औपचारिक रूप से शुरू हो जाएगी। इस अवसर पर गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी भी ग्लास्गो में मौजूद रहेंगे।

अहमदाबाद 2030 की पहली झलक दिखेगी

हैंडओवर समारोह के दौरान दर्शकों को अहमदाबाद 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की पहली झलक देखने को मिलेगी। विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुति में भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और गुजरात की पहचान को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा। समारोह के जरिए भारत अगले मेजबान देश के रूप में अपनी तैयारियों और सांस्कृतिक विविधता का परिचय देगा।

‘वंदे मातरम’ और भारतीय-स्कॉटिश जुगलबंदी होगी आकर्षण

ग्लास्गो हैंडओवर सेगमेंट को तीन हिस्सों में तैयार किया गया है। इसकी शुरुआत ‘वंदे मातरम’ की 150वीं वर्षगांठ को समर्पित प्रस्तुति से होगी। इसके बाद सितार वादक ऋषभ रिखीराम शर्मा और स्कॉटिश पाइपर रॉस आइंस्ली भारतीय और स्कॉटिश संगीत की जुगलबंदी पेश करेंगे, जो ग्लास्गो 2026 और अहमदाबाद 2030 के बीच सांस्कृतिक जुड़ाव का प्रतीक होगी। अंतिम चरण में पूरे भारत की एक दृश्य यात्रा प्रस्तुत की जाएगी, जिसमें गुजरात पर विशेष फोकस रहेगा।

Credit By Amar Ujala

Back to top button