थाईलैंड के स्कूल में छात्र ने फायरिंग की:6 लोगों की मौत, कई घायल; हमलावर छात्र अस्पताल में भर्ती- INA NEWS

थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के पास एक हाई स्कूल में शुक्रवार को एक छात्र ने अचानक गोलियां चला दीं। फायरिंग में 3 टीचर और 3 छात्रों की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हैं। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, घटना नोंथाबुरी प्रांत के डेबसिरिन नोंथाबुरी स्कूल में हुई। फायरिंग करने वाले छात्र को भी गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि छात्र ने जिस बंदूक से फायरिंग की, वह उसके परिवार के किसी सदस्य की थी। उसने हमला क्यों किया, पुलिस अभी इसकी जांच कर रही है।
क्लासरूम में छिपे थे छात्र घटना के करीब एक घंटे बाद सामने आई तस्वीरों में स्कूल के बाहर लोग एक-दूसरे को सांत्वना देते दिखे। वहीं, पुलिस और बचाव दल स्कूल के अंदर जांच करते नजर आए। एक चश्मदीद ने बताया कि जब दूसरे भवन से गोलियों की आवाज सुनाई दी, तो छात्र अपनी जान बचाने के लिए क्लासरूम के अंदर छिप गए थे। बाद में पुलिस ने दरवाजा खटखटाकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। थाईलैंड में पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं थाईलैंड में स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों पर फायरिंग की घटनाएं पहले भी सामने आई हैं। इसी साल फरवरी में दक्षिणी थाईलैंड के एक पब्लिक हाई स्कूल में 17 साल के एक छात्र ने पुलिस से बंदूक चुराकर फायरिंग की थी। उस दो घंटे के हमले में एक व्यक्ति की मौत हुई थी और दो लोग घायल हुए थे। वहीं, 2023 में बैंकॉक के एक बड़े शॉपिंग मॉल में 14 साल के लड़के पर फायरिंग करने का आरोप लगा था।

Source link
यह पोस्ट सबसे पहले भस्कर डॉट कोम पर प्रकाशित हुआ हमने भस्कर डॉट कोम के सोंजन्य से आरएसएस फीड से इसको रिपब्लिश करा है |

Back to top button