Tach – Electricity Meter Fast: क्या आपका बिजली मीटर भी तेज भाग रहा है? बिना बिजली विभाग जाए घर बैठे ऐसे करें चेक

Last Updated:
How to Check Electricity Meter : बिजली का बिल अचानक बिना किसी वजह के बढ़ जाने पर हर किसी को यही लगता है कि मीटर तेज भाग रहा है. हालांकि, हर मामले में ऐसा नहीं होता. फिर भी अगर आपको मीटर पर शक है तो आप इसकी जांच घर बैठे ही कर सकते हैं. बिजली मीटर की जांच कैसे करें, वायरिंग में करंट लीकेज का पता कैसे लगाएं और खराब मीटर को कैसे बदलवाएं, जानिए…
बिजली मीटर कई वजह से तेज चल सकताा है. (Image : Canva)
नई दिल्ली. जब बिजली का बिल आता है तो बहुत से लोगों को ‘करंट’ लगता है. कारण होता है भारी-भरकम बिल. उनको लगता है कि जितनी यूनिट की खपत दिखाई गई है, उतनी बिजली तो वे इस्तेमाल ही नहीं करते. स्मार्ट मीटर लगने के बाद तो बिल ज्यादा आने की शिकायतें भी बढ़ गई हैं. बहुत से लोग ‘कुछ नहीं होगा’ वाला रास्ता अपनाकर चुपचाप बिल भरते रहते हैं. वे बिल ज्यादा आने का कारण खोजने की जहमत उठाते ही नहीं. आपका मीटर सही चल रहा है या तेज भाग रहा है, ये आप खुद पता कर सकते हैं. इसके लिए आपको कोई उपकरण भी नहीं खरीदना. आप अपने ही घर में सिर्फ एक घंटे के भीतर, एक साधारण घरेलू नुस्खे से मीटर की पूरी ‘कुंडली’ निकाल सकते हैं.
मीटर की जांच का सबसे पहला और आसान तरीका करंट लीकेज पकड़ना है. करंट लीकेज से मतलब है कि आपके घर में कहीं तारों से बिजली रिस रही है और आपको पता नहीं है. करंट लीकेज पकड़ने का सही तरीका यह है कि फ्रिज, टीवी, पंखे, लाइट, मोबाइल चार्जर और इन्वर्टर को बंद रक दें. आप चाहें तो मेन बोर्ड से घर की एमसीबी गिरा दें. अब बिजली मीटर के पास जाएं और वहां लगी लाल पल्स बत्ती (Pulse Indicator) को ध्यान से देखें. अगर सब कुछ बंद होने के बावजूद यह बत्ती तेजी से झपक (Blink) रही है या मीटर के अंक बढ़ रहे हैं, तो समझ जाएं कि घर की वायरिंग में कहीं करंट लीक हो रहा है. इस वजह से आपका बिल ज्यादा आ रहा है. मीटर ठीक है.
1000 वॉट का 1-घंटे वाला लोड फॉर्मूला
अगर सबकुछ बंद करने के बाद मीटर की पल्स लाइट सामान्य है, तो मीटर की स्पीड जांचने के लिए 1 घंटे का लोड टेस्ट करें. विज्ञान का सीधा नियम है कि 1000 वॉट (1 किलोवॉट) का लोड लगातार 1 घंटा चलने पर ठीक 1 यूनिट (1 kWh) बिजली खर्च होती है. बिजली मीटर के डिस्प्ले पर दिख रही शुरुआती रीडिंग (KWh) को कागज पर नोट कर लें. अब घर का कोई ऐसा उपकरण चालू करें जो ठीक 1000 वॉट का हो. रूम हीटर, इलेक्ट्रिक आयरन या गीजर 1000 किलोवॉट के हो सकते हैं. अब इस उपकरण को घड़ी देखकर पूरे 1 घंटा तक चलने दें और फिर बंद कर दें.
ठीक एक घंटे बाद मीटर की नई रीडिंग नोट करें और दोनों रीडिंग का अंतर निकालें. अगर एक घंटे में रीडिंग ठीक 1 यूनिट (या 0.95 से 1.05 के बीच) बढ़ी है, तो आपका मीटर 100% सही काम कर रहा है. अगर रीडिंग 1.25, 1.5 या 2 यूनिट बढ़ गई है, तो साफ है कि आपका मीटर जरूरत से ज्यादा तेज दौड़ रहा है और आपकी जेब कट रही है. अगर रीडिंग 1 यूनिट से काफी कम बढ़ी है, तो इसका मतलब मीटर स्लो चल रहा है.
क्यों तेज चलता है बिजली मीटर?
मीटर तेज चलने की वजह सिर्फ उसकी तकनीकी खराबी ही नहीं होती, बल्कि कई घरेलू कारण भी जिम्मेदार होते हैं-
- वायरिंग में करंट लीकेज: पुरानी या कटी-फटी वायरिंग का इंसुलेशन खराब होने पर करंट दीवार या अर्थिंग के जरिए लगातार जमीन में लीक होता रहता है, जिसे मीटर सामान्य खपत मानकर जोड़ता रहता है.
- लो पावर फैक्टर (Low Power Factor): घर में पुरानी मोटर, पुराना फ्रिज या बिना इन्वर्टर टेक्नोलॉजी वाले एसी जैसे इंडक्टिव लोड पावर फैक्टर बिगाड़ देते हैं, जिससे उपकरणों को चलने के लिए ज्यादा बिजली खींचनी पड़ती है.
- हाई वोल्टेज का आना: अगर ग्रिड से वोल्टेज 230-240 वोल्ट से ऊपर आ रहा हो, तो इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स जरूरत से ज्यादा पावर खींचने लगते हैं, जिससे मीटर की रफ्तार बढ़ जाती है.
- स्मार्ट मीटर का पूरा हिसाब-किताब रखना: पुराने एनालॉग मीटर छोटी-मोटी खपत नहीं लेते थे. नए डिजिटल व स्मार्ट मीटर 1 वॉट बिजली खपत को दर्ज करते हैं. इस वजह से भी बिल ज्यादा आता है.
- मीटर कैलिब्रेशन में खराबी: कई बार बिजली कड़कने, शॉर्ट सर्किट या आंतरिक सेंसर खराब होने की वजह से मीटर का कैलिब्रेशन बिगड़ जाता है और वह गलत रीडिंग दिखाने लगता है.
तेज चल रहा है बिजली मीटर तो कैसे करें शिकायत?
अगर आपका बिजली मीटर तेज चल रहा है तो आप बिजली विभाग को शिकायत दे सकते हैं. आप अपने क्षेत्र के बिजली उप-मंडल कार्यालय (Sub-Division Office) या एसडीओ (SDO) ऑफिस में मीटर की टेस्टिंग के लिए एप्लीकेशन दे सकते हैं. आवेदन देने के बाद विभाग द्वारा आपके मीटर की जांच करेंगा. यदि मीटर तकनीकी रूप से खराब या तेज चलता पाया जाता है, तो नियमों के अनुसार मीटर बदला जाता है.
About the Author
रुली बिश्नोई मीडिया इंडस्ट्री में 20 साल से अधिक के अनुभव वाले सीनियर पत्रकार हैं. वह अभी News18 Hindi (hindi.news18.com) से जुड़े हैं और बिजनेस वर्टिकल में काम करते हैं. यहां वे बिजनेस जगत के मुश्किल आंकड़ों …
और पढ़ें
Source link