Tach – Fridge Blast Reasons: बम की तरह फटा घर में रखा फ्रिज, कहीं आप तो नहीं कर रहे ये 6 गलतियां

कर्नाटक के बेलगावी में फ्रिज ब्लास्ट से जुड़े हादसे ने घर में इस्तेमाल होने वाले इस आम इलेक्ट्रॉनिक सामान की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, बेलगावी में सोमवार रात चावट गल्ली इलाके में एक घर में आग लगने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए. पूरा परिवार गणेश चतुर्थी के मौके पर घर में मौजूद था और रात में सो रहा था. धमाके के बाद आग तेजी से फैल गई.
शुरुआती रिपोर्ट्स में फ्रिज में विस्फोट के बाद आग लगने की बात सामने आई है. हालांकि, पुलिस अभी हादसे की सही वजह की जांच कर रही है. इस घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल ये है कि आखिर फ्रिज ब्लास्ट होने की क्या-क्या वजहें हो सकती हैं और साथ ही घर में किन छोटी-छोटी सेफ्टी टिप्स से आग के रिस्क को कम किया जा सकता है.
फ्रिज से ब्लास्ट कैसे हो सकता है?
फ्रिज लगातार बिजली पर चलता है, इसलिए इसमें इलेक्ट्रिकल खराबी का रिस्क पूरी तरह खत्म नहीं होता. खराब या ढीला प्लग, जली हुई वायरिंग, सॉकेट में स्पार्किंग या सर्किट पर ज्यादा लोड होने से आग लग सकती है. कुछ रेफ्रिजरेटर में ज्वलनशील रेफ्रिजरेंट का इस्तेमाल भी होता है, इसलिए किसी तरह का लीकेज होने पर आग का रिस्क बढ़ सकता है.
फ्रिज को दीवार से बिल्कुल चिपकाकर रखना
फ्रिज के पीछे और आसपास हवा के आने-जाने की पर्याप्त जगह होनी चाहिए. मोटर और कंप्रेसर लगातार काम करते हैं और उन्हें गर्मी बाहर निकालने के लिए वेंटिलेशन चाहिए. फ्रिज को बहुत ज्यादा बंद जगह में रखने या उसके पीछे सामान रखने से गर्मी बढ़ सकती है. निर्माता की गाइडलाइन में बताई गई दूरी रखना बेहतर है.
एक्सटेंशन बोर्ड या मल्टी-प्लग लगाना
फ्रिज जैसे बड़े इलेक्ट्रॉनिक आइटम्स को सीधे सही और बड़े साइज के वॉल सॉकेट में लगाना ज्यादा सुरक्षित है. सस्ते एक्सटेंशन बोर्ड या एक ही बोर्ड में कई ज्यादा पावर वाले उपकरण लगाने से ओवरलोड और गर्म होने का रिस्क बढ़ सकता है. प्लग या सॉकेट पर काले निशान या जलने की गंध दिखे तो उसे नजरअंदाज न करें.
आवाज, स्पार्क या ज्यादा गर्मी को नजरअंदाज करना
अगर फ्रिज से अचानक अजीब आवाज आने लगे, प्लग या सॉकेट असामान्य रूप से गर्म हो, चटकने या स्पार्किंग जैसी आवाज आए, बार-बार MCB ट्रिप हो या जलने की गंध आए तो फ्रिज को इस्तेमाल करते रहना सही नहीं है. ऐसी स्थिति में बिजली कनेक्शन सुरक्षित तरीके से बंद करके इसकी जांच करवाएं.
फ्रिज के पीछे की सफाई न करना
फ्रिज के पीछे धूल और गंदगी जमा होने से गर्मी बाहर निकलने में परेशानी हो सकती है. इसलिए समय-समय पर वहां की सफाई करें और सर्विसिंग निर्माता की सलाह के मुताबिक करवाएं. अगर फ्रिज काफी पुराना है या बार-बार खराब हो रहा है, तो स्थानीय मिस्त्री से जुगाड़ कराने के बजाय तकनीशियन से जांच करवाना बेहतर है.
फ्रिज के आसपास ज्वलनशील सामान रखना
फ्रिज के पीछे या आसपास कागज, कपड़े, प्लास्टिक या दूसरी आसानी से आग पकड़ने वाली चीजें न रखें. इसे गैस चूल्हे, हीटर, रेडिएटर या ऐसी जगह के पास भी न रखें जहां लगातार ज्यादा गर्मी पड़ती हो. त्योहारों के दौरान फ्रिज के आसपास दीये, मोमबत्ती या सजावट न करें. इससे आग लगने का रिस्क बढ़ जाता है.
वायरिंग खुद से ठीक करना
फ्रिज में गैस, कंप्रेसर और इलेक्ट्रिकल पार्ट्स होते हैं, इसलिए घर पर खुद वायरिंग खोलना या गैस से जुड़े पार्ट्स को ठीक करना रिस्क भरा हो सकता है. अगर फ्रिज बार-बार ट्रिप कर रहा है, बहुत ज्यादा गर्म हो रहा है, जलने की गंध आ रही है या वायरिंग खराब दिख रही है तो उसे चलाते रहने के बजाय तकनीशियन से जांच करवाएं.
Source link