Technology, बिना पासवर्ड बताए कौन यूज कर रहा आपका इंटरनेट?: मिनटों मे ऐसे करें चेक, जानें अंजान डिवाइस ब्लॉक करने का तरीका – Howcheck Who Using Your Wi-fi, Step By Step Guide Catch Unauthorized Users — INA

सार
आज के समय में घर और ऑफिस दोनों ही जगहों पर इंटरनेट के लिए वाई-फाई का इस्तेमाल आम हो चुका है, लेकिन कई बार नेटवर्क स्लो होने या बार-बार डिस्कनेक्ट होने की समस्या परेशान करने लगती है, जिसकी एक बड़ी वजह किसी अंजान व्यक्तक की ओर से आपका पासवर्ड चोरी करके वाई-फाई इस्तेमाल करना हो सकता है, लेकिन बहुत से लोगों को नहीं पता कि वह बहुत ही आसानी से राउटर की सेटिंग्स या सर्विस प्रोवाइडर के एप के जरिए यह चेक कर सकते हैं कि आपके नेटवर्क से कौन-कौन से डिवाइस कनेक्ट हैं। आइए जानते हैं कैसे…

अब लैपटॉप, स्मार्टफोन, स्मार्ट टीवी और तमाम स्मार्ट गैजेट्स को इंटरनेट से जोड़े रखने के लिए वाई-फाई जरूरी होता जा रहा है और अधिकतर घरों और दफ्तरों में इसका धड़ल्ले से इस्तेमाल भी किया जा रहा है, लेकिन कई बार ऐसा होता है कि वाई-फाई अचानक बहुत धीमा चलने लगता है या बार-बार डिस्कनेक्ट होने की समस्या आने लगती है। इस परेशानी के पीछे एक बड़ी वजह यह हो सकती है कि किसी ने आपके वाई-फाई का पासवर्ड पता लगा लिया है और वो बिना आपकी जानकारी के आपका फ्री इंटरनेट इस्तेमाल कर रहा है। अगर आप भी इस समस्या से परेशान हैं, तो कुछ आसान तरीकों से यह पता लगा सकते हैं कि आपके वाई-फाई से कौन-कौन से लोग जुड़े हुए हैं।
कैसे चेक करें कनेक्टेड डिवाइस?
- राउटर से कनेक्ट हों:सबसे पहले अपने फोन या लैपटॉप को उसी वाई-फाई से कनेक्ट करें।
- आईपी एड्रेस दर्ज करें:अपने डिवाइस का वेब ब्राउजर ओपन करें और राउटर के पीछे लिखे एडमिन एड्रेस या मैनुअल में दिए गए आईपी एड्रेस को दर्ज करें। ज्यादातर राउटर में 192.168.1.1 या 192.168.0.1 जैसे एड्रेस का इस्तेमाल होता है।
- लॉगिन करें:अब इसके बाद राउटर के एडमिन यूजरनेम और पासवर्ड से पोर्टल में लॉगिन करें।
- क्लाइंट लिस्ट चेक करें:इसके बाद कनेक्टेड डिवाइस, डिवाइस लिस्ट या क्लाइंट लिस्ट जैसे ऑप्शन पर जाएं।
- डिवाइस पहचानें:यहां आपको उन सभी गैजेट्स की डिटेल मिल जाएगी जो वर्तमान में आपके वाई-फाई से कनेक्ट हैं। आप मोबाइल, लैपटॉप और स्मार्ट टीवी के नाम के साथ उनका MAC Address भी देख सकते हैं।
- अंजान डिवाइस को करें ब्लॉक:अगर सूची में आपको कोई ऐसा डिवाइस दिखता है जिसे आप नहीं जानते, तो आप यहीं से उसे सीधे ब्लॉक भी कर सकते हैं।
मोबाइल एप के जरिए कैसे लगाएं पता?
अगर आपको ब्राउजर या राउटर की सेटिंग्स समझने में किसी तरह की दिक्कत आ रही है, तो आप अपने इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर (ISP जैसे Airtel, Jio, BSNL, ACT आदि) के ऑफिशियल मोबाइल एप का इस्तेमाल कर सकते हैं। आजकल ज्यादातर कंपनियां यह सुविधा अपने आधिकारिक एप्स में ही उपलब्ध करा देती हैं, जिससे यूजर को भटकना न पड़े। आप कंपनी के आधिकारिक एप में एक क्लिक में यह देख सकते हैं कि आपके वाई-फाई से कौन-कौन से डिवाइस कनेक्ट हैं और उन्हें मैनेज कैसे करना है।
क्यों जरूरी है वाई-फाई की सुरक्षा?
- इंटरनेट स्पीड में सुधार:अनधिकृत यूजर के हटने से आपके बैंडविड्थ की बचत होती है और इंटरनेट की स्पीड बेहतर बनी रहती है।
- डेटा सुरक्षा: अंजान लोगों के नेटवर्क पर होने से आपके घरेलू नेटवर्क की सुरक्षा पर भी जोखिम आ सकता है, इसलिए समय-समय पर डिवाइस लिस्ट चेक करते रहना समझदारी वाला काम माना जाता है।