यूपी – Budaun News: रास्ते में घेरकर पीटा, फिर तमंचे से युवक को मारी गोली, बहनोई ने दिया वारदात को अंजाम – INA

बदायूं के इस्लामनगर क्षेत्र में बहन के तलाक के मुकदमे की पैरवी करने वाले भाई पर जानलेवा हमला किया गया। आरोप है कि बहनोई ने अपने साथियों के साथ मिलकर खेत से लौट रहे युवक को रास्ते में घेर लिया और पिटाई के बाद तमंचे से उसे गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को अस्पताल भिजवाया। मामले में पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है।
इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव लश्करपुर ओईया निवासी मेसाद की बहन मिस्कीन की शादी करीब पांच वर्ष पूर्व पास के गांव नदेरी निवासी भूरा उर्फ मुनाजिर के साथ हुई थी। बताया जाता है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया था। विवाद बढ़ने पर दोनों अलग हो गए और मामला तलाक तक पहुंच गया। रिश्तेदारों द्वारा कई बार समझौते के प्रयास किए गए, लेकिन बात नहीं बन सकी। इसके बाद कोर्ट में तलाक का मुकदमा दायर किया गया, जिसकी पैरवी मेसाद कर रहा था।
पहले पीटा, फिर मार दी गोली
ग्रामीणों के अनुसार, भूरा उर्फ मुनाजिर अपने साले मेसाद पर मुकदमे की पैरवी न करने का दबाव बना रहा था। आरोप है कि जब मेसाद नहीं माना तो मंगलवार रात नदेरी-ओईया रोड पर भूरा अपने साथियों के साथ चार पहिया वाहन से पहुंचा। उसने मेसाद को रोक लिया। पहले आरोपियों ने मेसाद के साथ मारपीट की, इसके बाद तमंचे से गोली मार दी। गोली लगते ही मेसाद घायल होकर सड़क किनारे गिर पड़ा और आरोपी मौके से भाग गए।