यूपी – Etah: धान के खेत में मिली ट्रांसपोर्टर के भाई की लाश, शरीर पर चोट के निशान; तीन दिन से तलाश कर रहे थे घरवाले – INA

एटा के कोतवाली देहात क्षेत्र में तीन दिन से लापता ट्रांसपोर्टर के भाई का शव गांव के बाहर उसके ही खेत में धान की फसल के बीच मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गांव अमरगोजिया निवासी ट्रांसपोर्टर विश्वनाथ ने बताया कि अजीत 15 अगस्त को घर से निकला था। वह घर से ऑफिस जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन देर तक वापस नहीं लौटा। उसका मोबाइल भी उसके पास नहीं था। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे।
सोमवार सुबह करीब साढ़े सात बजे गांव अमरगोजिया के बाहर खेत में धान की फसल के बीच अजीत का शव पड़ा होने की जानकारी मिली। सूचना पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और फोरेंसिक टीम की मदद से जांच की।
विश्वनाथ ने आरोप लगाया कि 13 अगस्त को अजीत का कुछ युवकों से विवाद हुआ था। आरोप है कि उन्हीं युवकों ने पीटकर उसकी हत्या की है। उन्होंने बताया कि अजीत के शरीर पर कई जगह चोट के निशान दिखाई दे रहे हैं। सीओ सिटी कीर्तिका सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर . की कार्रवाई की जाएगी।