यूपी – विस्तार को रफ्तार: गुरु जंभेश्वर विवि तक फैलेगा मुरादाबाद, 100 हेक्टेयर में कॉलोनी और गांगन पर बनेगा पुल – INA

मुरादाबाद का विस्तार अब गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय के आसपास तक करने की तैयारी है। मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (एमडीए) बोर्ड की 144वीं बैठक में विश्वविद्यालय के नजदीक करीब 100 हेक्टेयर क्षेत्र में नई आवासीय कॉलोनी विकसित करने की योजना को . बढ़ाया गया।

इसके साथ ही दिल्ली रोड को नया मुरादाबाद योजना से जोड़ते हुए गांगन नदी पर पुल और सिकंदरपुर के रास्ते रिंग रोड तक पहुंचने वाले नए मार्ग की योजना को भी मंजूरी दी गई। खुशहालपुर से 60 मीटर रोड तक 36 मीटर चौड़ा मार्ग बनाने का प्रस्ताव भी बैठक में शामिल रहा।

मंगलवार को एमडीए कार्यालय के सभागार में मंडलायुक्त संगीता सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में शहर के भविष्य के विस्तार से जुड़े इन प्रस्तावों पर निर्णय लिए गए। डीएम अनुनय झा, एमडीए वीसी अनुभव सिंह, नगर आयुक्त हिमांशु कौशिक समेत बोर्ड के सदस्य और संबंधित विभागों के अधिकारी इसमें शामिल हुए।

बैठक में दिल्ली रोड को नया मुरादाबाद योजना से होते हुए गांगन नदी पर प्रस्तावित पुल के जरिए सिकंदरपुर क्षेत्र से रिंग रोड तक जोड़ने की योजना को मंजूरी दी गई। इसके तहत करीब 60 मीटर चौड़ा और पांच किलोमीटर लंबा नया मार्ग विकसित किया जाना प्रस्तावित है।

यह मार्ग शहर के मौजूदा यातायात दबाव को कम करने के साथ नए विकसित होने वाले क्षेत्रों को मुख्य मार्गों से जोड़ने में अहम होगा। गांगन नदी पर पुल बनने से मार्ग की कनेक्टिविटी पूरी होगी।


Credit By Amar Ujala

Back to top button