यूपी – चार बच्चों के बाप का साथ काम करने वाली से था अफेयर, प्रेमिका ने दुपट्टे से गला घोंटकर मार डाला – #INA

यूपी के कुशीनगर में चार बच्चों के बाप का साथ काम करने वाली से अफेयर था। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ जो इतना बढ़ गया कि प्रेमिका ने दुपट्टे से गला घोंटकर प्रेमी को मार डाला। युवक की मां का कहना है कि युवती धमकी देती थी और शादी का दबाव बना रही थी।

यूपी के कुशीनगर जिले में चार बच्चों के पिता ने साथ काम करने वाली एक लड़की से अफेयर कर लिया। लेकिन इस अफेयर का अंजाम मौत हुआ। युवती ने अपने प्रेमी की ही हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि हाटा नगर में पूर्व विधायक की खाली पड़ी जमीन पर लगे मेले में बुधवार आधी रात के बाद गाजियाबाद की एक युवती ने दुपट्टे से गला घोटकर प्रेमी की हत्या कर दी। गुरुवार सुबह इसकी जानकारी होने पर सनसनी फैल गई। पुलिस युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि प्रेमी ने उसे मिलने के लिए बुलाया था। मामूली कहासुनी के बाद दोनों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। परिजनों की तहरीर पर आरोपी युवती और सिवान, बिहार के रहने वाले मेला संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

सेवरही क्षेत्र के पिपरा मुस्तकिल अगरवा के शुक्ल टोला निवासी शैलेश शुक्ल (34) पुत्र स्व. उमाशंकर शुक्ल के साथ गाजियाबाद के थाना बापूधाम क्षेत्र के गोविंदपुरम निवासी आरती अहिरवार मेले में काम करती थी। इस दौरान दोनों में प्रेम-प्रसंग हो गया था। दोनों लंबे समय से विभिन्न मेलों में एक साथ काम कर रहे थे। हालांकि, पुलिस के अनुसार आरोपी युवती हाटा में काम करने नहीं, शैलेश के बुलाने पर उससे मिलने के लिए आई थी।

Voice of UP

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बुधवार की आधी रात किसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी शुरू हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हिंसक हो गया। आरती ने अपने दुपट्टे से शैलेश का गला घोट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गुरुवार की सुबह घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर भीड़ जुट गई। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस वास्तविक वजह जानने के लिए हर पहलू की जांच कर रही है।

अपराध निरीक्षक हरिराम यादव ने बताया कि युवती के अलावा बिहार के सिवान निवासी मेला संचालक संतोष गुप्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। युवती से पूछताछ की जा रही है। सीओ कसया कुंदन सिंह ने बताया कि युवती मेले में बाउंसर का काम करती थी। युवक के मोबाइल में कुछ फोटो-वीडियो थे, जिसे डिलीट कराने को लेकर विवाद हुआ था। आवेश में आकर युवती ने युवक की हत्या कर दी। युवती को हिरासत में ले लिया गया है।

युवक की मां बोली-बहू बनने की जिद कर रही युवती ने दी थी धमकी

सेवरही थाना क्षेत्र के पिपरा मुस्तकिल अगरवा गांव में गुरुवार की सुबह हत्या की सूचना पहुंची तो घर में कोहराम मच गया। ननद के घर दिल्ली गई उसकी पत्नी वहां से रवाना हो गई है। उसने आने पर शुक्रवार को युवक का अंतिम संस्कार किया जाएगा। युवक की मां के अनुसार युवती शैलेश से शादी करना चाहती थी। ऐसा न करने पर हत्या की धमकी दी थी।

शैलेश तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था और एक सामान्य परिवार से ताल्लुक रखता था। वह पिछले करीब दस वर्षों से सर्कस में सुपरवाइजर था। अलग-अलग शहरों में लगने वाले सर्कस और मेलों में वह टीम के साथ जाता था। दो-चार दिन की छुट्टी मिलने पर घर लौट आता था। तीन दिन पहले ही वह हाटा में लगे मेले के लिए घर से निकला था। गुरुवार की सुबह करीब चार बजे पुलिस ने गांव के पूर्व प्रधान उपेंद्र शुक्ल को फोन कर शैलेश की हत्या की सूचना दी। इस खबर से परिजनों में कोहराम मच गया।

मृतक की मां लक्ष्मीनिया देवी ने बताया कि युवती ने चार दिन पहले शैलेश के मोबाइल से फोन किया था। उसने कहा था कि ‘आंटीजी, मैं आपके घर बहू बनकर आऊंगी।’ इस पर शैलेश की मां ने उसे बताया कि उसकी शादी हो चुकी है और उसके चार बच्चे हैं। आरोप है कि यह सुनते ही युवती नाराज हो गई और धमकी दी कि अगर शैलेश ने उसे पत्नी नहीं बनाया तो वह हाथ-पैर तुड़वाकर उसे जान से मरवा देगी। मां के अनुसार, जब उन्होंने इस बारे में शैलेश से पूछा तो उसने टालते हुए कहा था कि ऐसी कोई बात नहीं है। अब बेटे की हत्या के बाद मां उस धमकी को ही वजह मान रही है। मां के मुताबिक युवती को कुछ दिन पहले शैलेश ने काम से निकाल दिया था।

आरोप है कि इसके बाद से वह रंजिश रखने लगी थी। बेटे की हत्या से बदहवाश उसकी मां ने कहा कि बाबू को हजार बार मना किए थे कि सर्कस का काम छोड़ दो, दूसरा देख लो। मंगलवार को जाते समय भी रोका था, लेकिन वह नहीं माना।

शैलेश की हैं चार बेटियां

शैलेश की शादी बिहार के फुलवरिया थाना क्षेत्र स्थित ओझवलिया गांव निवासी प्रियंका शुक्ला से हुई थी। उसकी चार बेटियां श्रेया (8), सृष्टि (6), अनन्या (3) और सबसे छोटी बेटी महज एक साल की है। साल 2020 में भाइयों से अलग होकर शैलेश अपनी पत्नी और बच्चों के साथ रह रहा था। पत्नी-बच्चे गांव में ही रहते थे। शैलेश की कमाई से ही पूरे परिवार का भरण-पोषण होता था।

मृतक के मोबाइल में मिले आपत्तिजनक वीडियो

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक के मोबाइल में युवती के आपत्तिजनक वीडियो थे। आरोप है कि वह वीडियो वायरल करने की धमकी देकर युवती को ब्लैकमेल करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कुछ समय से विवाद चल रहा था। बुधवार की रात भी इसे लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी।

#INA #INA_NEWS #INANEWSAGENCY
डिस्क्लेमरः जनहित में पढने के लिए यह लाइव हिंदुस्तान डॉट कॉम न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ आई एन ए टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. Source link

Back to top button
Close
Crime
Social/Other
Business
Political
Editorials
Entertainment
Festival
Health
International
Opinion
Sports
Tach-Science
Eng News