यूपी – कानपुर: चाइनीज मांझे की चपेट में आकर महिला कोच घायल, कैंट से ट्रेनिंग देकर लौट रही थीं घर – INA

फूलबाग चौराहे पर चाइनीज मांझे की चपेट में आकर स्कूटी सवार महिला कोच निधि घायल हो गईं। वह बुधवार शाम को जिम से घर लौट रही थीं। हेलमेट लगा होने से उनका चेहरा बच गया। ग्वालटोली निवासी निधि कैंट के एक जिम में कोच हैं। वह बॉक्सिंग भी सिखाती हैं। बुधवार शाम को स्कूटी से कैंट के रास्ते घर लौट रही थीं। फूलबाग चौराहे के पास पहुंचीं तभी अचानक चाइनीज मांझे की चपेट में आ गईं। हेलमेट होने से उनका चेहरा तो बच गया लेकिन गर्दन में कट लग जाने से लहूलुहान हो गईं। सूचना पर उनके भाई मौके पर आए। परिजन उन्हें प्राइवेट अस्पताल ले गए। फीलखाना थाने के कार्यवाहक प्रभारी सतेंद्र ने बताया कि घटना के बारे में उनको जानकारी नहीं है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।