UP News: अनजान कॉल, नौकरी का झांसा और Telegram लिंक… बरेली में साइबर ठगी की घटनाओं ने डराया – INA
उत्तर प्रदेश के बरेली शहर और आसपास के इलाकों में साइबर ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं. साइबर ठग नए-नए तरीके अपनाकर लोगों के बैंक खातों से रुपये निकाल रहे हैं. बरेली में छह अलग-अलग मामलों में लोगों के खातों से करीब 5.40 लाख रुपये निकाल लिए गए. पीड़ितों ने संबंधित थानों में रिपोर्ट दर्ज कराई है. पुलिस ने मामलों की जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने लोगों से अनजान कॉल, लिंक और ऑनलाइन ऑफर से सावधान रहने की अपील की है.
बरेली के कोतवाली क्षेत्र के अविनेंद्र कुमार शर्मा के साथ साइबर ठगी का मामला सामने आया है. उन्हें माइक्रोवेव ठीक कराने के बहाने एक अनजान नंबर से संपर्क किया गया. इसी दौरान ठगों ने उनसे बातचीत कर धोखाधड़ी की. बताया गया है कि 23 से 25 सितंबर के बीच उनके दो बैंक खातों से करीब 1.11 लाख रुपये निकाल लिए गए.
इसी तरह इज्जतनगर के अहलादपुर निवासी रामबाबू के बैंक खाते से 20 सितंबर को 99,800 रुपये निकाल लिए गए. मामले की जानकारी होने के बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की.नगरिया परीक्षित निवासी हिमांशु कश्यप के बंधन बैंक खाते से भी साइबर ठगों ने रकम निकाल ली. उनके खाते से 21 सितंबर को 95 हजार रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर किए गए. हिमांशु ने मामले की शिकायत पुलिस से की है.
सीबीगंज क्षेत्र की शिवानी को रोजगार दिलाने का झांसा दिया गया. ठगों ने नौकरी दिलाने के नाम पर उनसे संपर्क किया और बाद में 24 सितंबर को 87 हजार रुपये की ठगी कर ली.
टेलीग्राम पर लिंक भेजकर 4.42 लाख रुपये उड़ाए
बहेड़ी में साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है. मोहल्ला महादेवपुरम निवासी शिवांग गंगवार के टेलीग्राम पर 28 सितंबर को एक अज्ञात व्यक्ति ने लिंक भेजा. शिवांग ने जैसे ही लिंक खोला, उनके बैंक खाते से 4.42 लाख रुपये निकल गए.मामले की जानकारी होने के बाद शिवांग ने बहेड़ी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस टेलीग्राम से भेजे गए लिंक और बैंक खाते में हुए लेनदेन की जानकारी जुटा रही है. सीओ अरुण कुमार सिंह के मुताबिक साइबर सेल की मदद से मामले की जांच कराई जा रही है.इसके अलावा बिथरी क्षेत्र में पुलिसकर्मी कपिल चौधरी के खाते से 22 अप्रैल को 80 हजार रुपये निकाले गए. उडला जागीर निवासी आरिफ खान के बैंक खाते से भी 15 जुलाई को 67,274 रुपये निकाल लिए गए.
साइबर ठगी होते ही 1930 पर करें शिकायत
एसपी क्राइम मनीष कुमार सोनकर ने बताया कि साइबर ठगी के मामलों में पीड़ितों ने साइबर हेल्पलाइन और एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत की है. इसके बाद बिथरी चैनपुर, इज्जतनगर, कोतवाली और सीबीगंज थानों में मुकदमे दर्ज किए गए हैं. पुलिस मोबाइल नंबर और बैंक खातों से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाकर जांच कर रही है.
पुलिस ने लोगों से कहा है कि किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें. आधार या पैन कार्ड की जानकारी किसी अनजान व्यक्ति को न भेजें. किसी को ओटीपी और बैंक संबंधी जानकारी न दें.
ऑनलाइन ऑफर और इनाम के झांसे में भी न आएं. अनजान एप डाउनलोड करने से बचें और सोशल मीडिया अकाउंट पर प्राइवेसी सेटिंग जरूर रखें.पुलिस ने यह भी कहा है कि वीडियो कॉल पर अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने वाले ठगों से सावधान रहें. अगर साइबर ठगी हो जाए तो तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर कॉल करें और संबंधित बैंक को भी सूचना दें.
अनजान कॉल, नौकरी का झांसा और Telegram लिंक… बरेली में साइबर ठगी की घटनाओं ने डराया
Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,