UP News: गाजियाबाद में 22 अक्टूबर से गूंजेगा ‘जय भवानी, जय शिवाजी’ का जयघोष, शिवाजी के जीवन पर आधारित ‘जाणता राजा’ का होगा भव्य मंचन – INA

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में अगले हफ्ते से छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन पर आधारित महानाट्य ‘जाणता राजा’ का मंचन किया जाएगा. इसका आयोजन हरिद्वार के दिव्य प्रेम सेवा मिशन की ओर से कराया जा रहा है. इस आयोजन के मकसद के बारे में बताते हुए मिशन के अध्यक्ष डॉ. गौतम ने कहा कि वर्तमान हालात में छत्रपति शिवाजी महाराज के आदर्शों को जन-जन, विशेषकर युवा पीढ़ी तक पहुंचाना बहुत जरूरी हो गया है. शिवाजी का जीवन और उनके संस्कार युवाओं को सही दिशा दे सकते हैं. उन्होंने बताया कि इस उद्घाटन समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल होंगे.
महानाट्य जाणता राजा का आयोजन गाजियाबाद की सनसिटी में कराया जाएगा. इसकी शुरुआत 22 अक्टूबर से होगी और यह एक हफ्ते तक चलेगा. नोएडा के अदिरा बैंक्वेट हॉल में जाणता राजा के बारे में जानकारी देने के लिए आज शुक्रवार को प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया.
शिवाजी का जीवन-संस्कार युवाओं को सही दिशा देंगेः डॉ. गौतम
मिशन के अध्यक्ष डॉ. आशीष गौतम भैया जी ने भव्य आयोजन और मंचन की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी. डॉक्टर गौतम ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में छत्रपति शिवाजी महाराज के आदर्शों को जन-जन, खासकर युवा पीढ़ी तक पहुंचाना बहुत ही जरूरी हो गया है. उन्होंने देश को बांग्लादेश, नेपाल, सीरिया और लीबिया जैसी परिस्थितियों की ओर ले जाने वाली साजिश पर चिंता जताते हुए कहा कि ऐसे वातावरण में शिवाजी महाराज का जीवन और उनके संस्कार युवाओं को सही दिशा दे सकते हैं.
उन्होंने कहा कि कुछ नेता Gen Z को बरगलाने की कोशिश कर रहे हैं. ऐसे में युवाओं को छत्रपति शिवाजी महाराज के आदर्शों से जोड़ना बहुत जरूरी हो गया है. हर परिवार की जिम्मेदारी है कि वह अपने नौनिहालों को विदेशी अपसंस्कृति से बचाए और उन्हें शिवाजी महाराज, मां जीजाबाई तथा समर्थ गुरु रामदास के बताए मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करे.
उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे रक्षा मंत्री
डॉ. गौतम ने बताया कि इसी जनजागरण के मकसद से दिव्य प्रेम सेवा मिशन, हरिद्वार की ओर से गाजियाबाद की सनसिटी में जाणता राजा का सजीव मंचन किया जा रहा है. इस अवसर पर उन्होंने शिवाजी महाराज के जीवन से जुड़ी कई प्रेरक घटनाओं का उल्लेख भी किया.
उन्होंने बताया कि 22 अक्टूबर को आयोजित उद्घाटन समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि जी महाराज भी उपस्थित रहेंगे. डॉ. गौतम ने कहा कि शिवाजी महाराज की सैन्य रणनीति का लोहा आज भी भारत सहित पूरी दुनिया मानती है. उनकी छापामार युद्धनीति आज भी अनेक देशों के लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है. उन्होंने बताया कि रक्षा मंत्री ने उद्घाटन समारोह में सम्मिलित होने का मिशन का आमंत्रण सहर्ष स्वीकार किया है.
लखनऊ और आगरा के बाद अब गाजियाबाद
सनसिटी में 22 से 28 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले इस महानाट्य के जरिए मिशन का मकसद लोगों में राष्ट्रचेतना और सांस्कृतिक गौरव का भाव जागृत करना है. दिव्य प्रेम सेवा मिशन इससे पहले लखनऊ और आगरा में भी जाणता राजा का सफलतापूर्वक मंचन करवा चुका है.
सात दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में रोजाना शाम 4:30 बजे से करीब चार घंटे तक सजीव मंचन होगा. इसमें 250 कलाकार भाग लेंगे. हाथी, घोड़े, ऊंट, तोपों, तलवारों और अन्य शस्त्रों के साथ ऐतिहासिक दृश्यों को मंच पर जीवंत किया जाएगा. शिवाजी महाराज के जीवन की प्रमुख घटनाओं के अलावा सिंहगढ़, प्रतापगढ़ और रायगढ़ किलों की प्रतिकृतियों के जरिए दर्शकों को उनके शौर्य, नेतृत्व और आदर्शों से परिचित कराया जाएगा. आयोजकों के अनुसार, यह प्रस्तुति नई पीढ़ी में सकारात्मक ऊर्जा, संस्कार और राष्ट्रप्रेम का भाव जगाने की कोशिश है.
जाणता राजा के सफल आयोजन की मंगलकामना को लेकर सनसिटी स्थित कार्यक्रम स्थल के शिव अवतरण मंडपम् में नवरात्रि के पहले दिन से रोजाना रुद्राभिषेक भी कराया जा रहा है. यह अनुष्ठान 28 अक्टूबर तक चलेगा. आयोजन के दौरान अलग-अलग दिनों में राजनीति, धर्म, अध्यात्म और उद्योग जगत की अनेक विशिष्ट हस्तियां भी सम्मिलित होंगी.
रोजाना 15 हजार से अधिक दर्शक होंगे शामिल
दिव्य प्रेम सेवा मिशन, हरिद्वार के सेवा प्रकल्पों के सहायतार्थ आयोजित इस कार्यक्रम में स्वामी अवधेशानंद गिरि जी महाराज, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और पतंजलि योगपीठ के प्रमुख स्वामी रामदेव सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की सहभागिता प्रस्तावित है. आयोजकों के अनुसार, रोजाना करीब 15 हजार दर्शकों के कार्यक्रम में पहुंचने की संभावना है. दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और उत्तराखंड से बड़ी संख्या में लोगों के इसमें सम्मिलित होने की अपेक्षा है.
कार्यक्रम में युवाओं की सहभागिता बढ़ाने को लेकर खास तरह के इंतजाम किए गए हैं. दिव्य प्रेम सेवा मिशन की टीमों ने दिल्ली-एनसीआर के सरकारी और निजी विश्वविद्यालयों तथा महाविद्यालयों से संपर्क किया है. डॉ. गौतम ने बताया कि हाल के घटनाक्रमों ने युवा छात्र-छात्राओं को शिवाजी महाराज के आदर्शों से जोड़ने की आवश्यकता को और स्पष्ट किया है.
मार्च से ही चल रही भव्य मंचन की तैयारी
मिशन की टीमें इसी साल मार्च से ही आयोजन की तैयारियों में जुटी हुई हैं. अब तक दिल्ली-एनसीआर और उत्तराखंड में 300 से अधिक बैठकें, गोष्ठियां और सम्मेलन आयोजित किए जा चुके हैं.
इस दौरान प्रेस वार्ता की अध्यक्षता नोएडा मीडिया क्लब के अध्यक्ष आलोक द्विवेदी ने की. इस अवसर पर जाणता राजा आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉक्टर राजेश गुप्ता, कार्यक्रम संयोजक विनय चौधरी, आयोजन समिति के महामंत्री दीपक शर्मा तथा दिव्य प्रेम सेवा मिशन के सह-संयोजक राघवेंद्र सिंह सहित दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न मीडिया संस्थानों के पत्रकार भी उपस्थित रहे.
गाजियाबाद में 22 अक्टूबर से गूंजेगा ‘जय भवानी, जय शिवाजी’ का जयघोष, शिवाजी के जीवन पर आधारित ‘जाणता राजा’ का होगा भव्य मंचन
Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,