UP News: डबल इंजन सरकार से रायबरेली को मिली नई पहचान…राहुल गांधी पर बरसे सीएम योगी आदित्यनाथ – INA

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रायबरेली में कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी पर बड़ा हमला बोला. उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने पहले तो देश-समाज को बांटा, संविधान का गला घोंटा और अब तुष्टिकरण की नीति पर चलकर सामाजिक एकता को खंडित करना चाहते हैं. उन्होंने लोगों से अनुरोध किया कि पीएम मोदी के नेतृत्व में विरासत और विकास के अभियान को बढ़ाना चाहिए.

मुख्यमंत्री योगी ने सोमवार को फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज मैदान में रक्षाबंधन से पहले रायबरेली, बछरावां और हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्र को 879 करोड़ रुपये की 346 विकास परियोजनाओं की सौगात दी. सीएम ने कहा कि रसोइयों से रक्षाबंधन की शुरुआत की है, 26 को माताओं के लिए नई योजना घोषित करेंगे.

वीआईपी संसदीय क्षेत्र के नाम वाले रायबरेली में थी बदहाली

सीएम ने कहा कि रायबरेली अब बदल चुका है. पहले लोग इसे वीआईपी जनपद व संसदीय क्षेत्र कहते थे, लेकिन वीआईपी के नाम पर यहां बदहाली, अराजकता, अभाव था और गरीबों को शासन की योजनाओं का लाभ नहीं मिलता था. पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी ने पीड़ा व्यक्त की थी कि एक रुपये भेजता हूं, नीचे सिर्फ 15 पैसे पहुंचता है.

पिछले वर्ष मॉडर्न कोच फैक्ट्री ने रिकॉर्ड 2156 कोच का किया निर्माण

सीएम ने कहा कि विकास नौजवान की आकांक्षा, किसान के चेहरे पर खुशहाली, कारीगरों व हस्तशिल्पियों को सम्मान, बुजुर्गों के वृद्धावस्था का सहारा बनेगा. रायबरेली ने हमारे विधायकों को जिताया तो विकास तेज गति से हो रहा है. यहां की मॉडर्न कोच फैक्ट्री 2012 में बनी, यह 2014 तक कांग्रेस के विकास की तरह घिसती जा रही थी लेकिन अब यह फैक्ट्री रायबरेली की पहचान बन चुकी है.

उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष इस फैक्ट्री ने रिकॉर्ड 2156 कोच का निर्माण किया. पहली बार मई 2026 में वंदे भारत के ट्रेनशेड का रोल आउट यहीं बना है. रायबरेली का नाम अब देश में गौरव के साथ लिया जा रहा है.

मनुस्मृति को मानिए या न मानिए, लेकिन गलत तथ्य न कहिए

सीएम ने कहा कि मनुस्मृति को मानिए या न मानिए, लेकिन गलत तथ्यों को न कहिए. हर सनातनी जिस कालगणना को मानता है, उसे मनु ने ही दिया है. सीएम ने बताया कि पलक झपकने को निमेष कहते हैं, 25 निमेष का एक काष्ठा, 30 काष्ठा का एक कला, 30 कला का एक मुहूर्त, 30 मुहूर्त का एक अहोरात्र (पूरा दिन-रात), 15 अहोरात्र का एक पक्ष, दो पक्ष (कृष्ण-शुक्ल) का एक माह, छह माह का एक अयन, दो अयन का एक वर्ष होता है.

उन्होंने कहा कि भगवान सूर्य जब उत्तरायण में आते हैं तो मकर संक्रांति आती है और प्रयागराज में माघ मेला लगता है. भीष्म पितामह शरशैया पर वेदना झेलते रहे, लेकिन उत्तरायण आने पर ही उन्होंने प्राण त्यागे. 43 लाख 32 हजार वर्ष का एक महायुग, 31 महायुग का एक मन्वंतर, 14 मन्वंतर को एक कल्प के रूप में माना है. इसका पालन करके ही सनातनी त्योहारों को मानता है.

वीरा पासी का बनेगा भव्य स्मारक व प्रतिमा

सीएम ने कहा कि अब प्रदेश में 16 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन मिल रहा है. 10 करोड़ लोगों को पांच लाख की स्वास्थ्य बीमा का कवर प्राप्त है. अब रायबरेली समेत प्रदेश के सभी जनपदों के बेटे-बेटी को नौकरी मिलती है. हमने राणा बेनी माधव बख्श सिंह के नाम पर स्मारक बनाया है तो पूर्व विधायक स्व. दल बहादुर कोरी के नाम पर राजकीय पॉलीटेक्निक का नामकरण कर सलोन में उन्हें सम्मानित किया है. अब वीरा पासी का भव्य स्मारक व प्रतिमा लगेगी.

इस अवसर पर खादी व ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान, खाद्य व रसद मंत्री मनोज पांडेय, उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, विधायक अदिति सिंह, अशोक कोरी, विधान परिषद सदस्य उमेश द्विवेदी, अवनीश सिंह, जिला पंचायत प्रशासक रंजना चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष बुद्धिलाल पासी, अपना दल जिलाध्यक्ष सत्येंद्र पटेल, पूर्व विधायक राकेश सिंह, रामलाल अकेला, राजाराम त्यागी, धीरेंद्र बहादुर सिंह, पूर्व एमएलसी राकेश प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे.

डबल इंजन सरकार से रायबरेली को मिली नई पहचान…राहुल गांधी पर बरसे सीएम योगी आदित्यनाथ


#INA #INA_NEWS #INANEWSAGENCY

Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,

Back to top button