UP News: नेताओं के विवाद में अखाड़ा बना शिक्षा का मंदिर, पुलिस हुई तैनात… अब बच्चे नहीं आ रहे स्कूल – INA

कानपुर के परमट स्थित प्राथमिक स्कूल के शिलान्यास को लेकर कानपुर में सपा विधायक और भाजपा नेता आमने-सामने हैं. राजनीतिक अखाड़ा बन चुके स्कूल में सिर्फ तीन कमरे बचे हैं, जिनमें एक कमरा प्रधानाचार्य का है और दो कमरे अन्य कक्षाओं के लिए मौजूद हैं. लेकिन विवाद के चलते स्कूल में पुलिस तैनात कर दी गई है, जिसके कारण पिछले चार दिनों में यहां पढ़ने आने वाले बच्चों की संख्या में बेहद कमी आई है. बीते दिन स्कूल में मात्र 6 से 7 बच्चे पढ़ने पहुंचे.
प्रधानाचार्य नवीन का कहना है कि विद्यालय में पुलिस की मौजूदगी और किसी भी समय प्रदर्शन या विवाद की स्थिति बनने की आशंका के चलते अभिभावक बच्चों को स्कूल नहीं भेज रहे हैं.
कानपुर की आर्य नगर विधानसभा क्षेत्र में स्थित यह परमट प्राइमरी स्कूल करीब दो वर्षों से जर्जर अवस्था में पड़ा था. इसे देखकर सपा विधायक अमिताभ बाजपेई और कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी ने अपने-अपने स्तर पर प्रयास किए और स्कूल को नए स्वरूप में देने की कोशिश की. लेकिन दोनों राजनीतिक दलों के बीच पैदा हुए विवाद के बाद स्कूल का मामला अपनी जगह फंस गया है.
पूरे मामले में बेसिक शिक्षा अधिकारी सुजीत कुमार का कहना है कि स्कूल में पढ़ाई व्यवस्था सुचारू रूप से चल सके, इसके लिए वहां पुलिस की तैनाती की गई है. जबकि चाइल्ड प्रोटेक्शन के अनुसार इस तरह की तैनाती बच्चों के दिमाग में डर पैदा कर रही है.
फिलहाल मामले में अभी तक कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी का किसी भी प्रकार का कोई बयान सामने नहीं आया है. वहीं अमिताभ बाजपेई को बीते दिन निर्धारित तिथि पर शिलान्यास के लिए स्कूल नहीं जाने दिया गया. इसके बाद उन्होंने अपने घर पर ही हवन-पूजन कर शिलान्यास की ईंटों की पूजा की.
उन्होंने कहा कि वे संविधान की कसम खाते हैं कि स्कूल वहीं बनाएंगे. इसके साथ ही उन्होंने स्कूल निर्माण पूरा होने तक शरीर के ऊपरी हिस्से पर वस्त्र न पहनने और पैरों में चप्पल न पहनने का निर्णय लिया है.
आपको बता दें कि स्कूल निर्माण का कुछ हिस्सा अमिताभ बाजपेई की विधायक निधि से बनाया गया है, जबकि स्मार्ट क्लास सांसद निधि से बनाई गई है. सांसद रमेश अवस्थी के प्रस्ताव के अनुसार उन्हें स्मार्ट क्लास और बाउंड्री वॉल निर्माण की अनुमति मिली है.
समाजवादी पार्टी विधायक अमिताभ बाजपेई और भाजपा के वरिष्ठ नेता सुरेश अवस्थी के बीच तनातनी इस कदर बढ़ चुकी है कि मौके पर किसी बड़ी घटना से बचाव के लिए कानपुर पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारियों ने वहां पुलिस बल तैनात कर दिया है और किसी भी प्रकार की राजनीतिक गतिविधि पर रोक लगा दी है.
नेताओं के विवाद में अखाड़ा बना शिक्षा का मंदिर, पुलिस हुई तैनात… अब बच्चे नहीं आ रहे स्कूल
Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,




