UP News: मुरादाबाद में भीषण सड़क हादसा, नेपाली श्रद्धालुओं से भरी बस रोडवेज से टकराई; 35 घायल… हरिद्वार दर्शन के बाद जाना था अयोध्या – INA

Moradabad bus accident: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया. मुरादाबाद-हरिद्वार स्टेट हाईवे पर कांठ थाना क्षेत्र के गढ़ी अड्डे के पास हरिद्वार से धार्मिक यात्रा पूरी कर लौट रहे नेपाली श्रद्धालुओं से भरी निजी बस अनियंत्रित होकर आगे चल रही मुरादाबाद डिपो की रोडवेज बस से जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि निजी बस सड़क किनारे बनी एक कोठरी में जा घुसी. हादसे में दोनों बसें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और 35 से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं.
नेपाली श्रद्धालुओं का दल विभिन्न धार्मिक स्थलों की यात्रा के बाद हरिद्वार से लौट रहा था. हादसे के वक्त बस में सवार ज्यादातर यात्री गहरी नींद में थे. अचानक तेज टक्कर होने से उन्हें संभलने तक का मौका नहीं मिला. टक्कर की आवाज और यात्रियों की चीख-पुकार से मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. सूचना मिलते ही कांठ थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची. पुलिस और स्थानीय निवासियों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस के जरिए घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कांठ पहुंचाया गया.
घायलों की हालत गंभीर, मुरादाबाद रेफर
सीएचसी कांठ में प्राथमिक उपचार के बाद बस चालक उमेश शुक्ला समेत कई गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए मुरादाबाद जिला अस्पताल रेफर किया गया. हादसे में 35 से ज्यादा लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है. घायलों में जोगेंद्र चौधरी, गणपत, विद्या, रामकिशन यादव, विश्वनाथ तेली, इसरावती, चांदमति तेली, सुंदरी यादव, नर्मदा, प्रभावती, राजू सहानी, अच्छेलाल गुप्ता, शीशकली गुप्ता, बिंदू प्रसाद, दिनेश मिश्रा, अमित, ओमकुमारी, द्रोपदी देवी, चमेली, रामशरण, चंद्रकुमार चौधरी, शोभा महात, आरती केवट, जगदीश प्रसाद केवट, नेबूलाल और ऋषिराम चौधरी समेत अन्य यात्री शामिल हैं.
अयोध्या में रामलला के दर्शन की थी योजना
जानकारी के मुताबिक नेपाली श्रद्धालुओं का यह दल वैष्णो देवी और महाकालेश्वर समेत कई प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कर चुका था. हरिद्वार की यात्रा पूरी करने के बाद श्रद्धालुओं की अयोध्या जाने की योजना थी, जहां वे भगवान रामलला के दर्शन करने वाले थे. इसके बाद 3 सितंबर को सभी के नेपाल लौटने की योजना थी. हालांकि इससे पहले ही मुरादाबाद में हुए हादसे ने उनकी यात्रा को दर्दनाक मोड़ दे दिया.
पुलिस ने संभाला मोर्चा, यातायात कराया सुचारू
हादसे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक सुदेश पाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची. कई एंबुलेंस भी घटनास्थल पर भेजी गईं. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया और हाईवे पर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात को सुचारू कराया.
मुरादाबाद पुलिस की सोशल मीडिया सेल ने भी हादसे का संज्ञान लेते हुए जानकारी साझा की. पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के बाद मौके पर स्थिति नियंत्रण में है और यातायात व्यवस्था सामान्य कर दी गई है. मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
मुरादाबाद में भीषण सड़क हादसा, नेपाली श्रद्धालुओं से भरी बस रोडवेज से टकराई; 35 घायल… हरिद्वार दर्शन के बाद जाना था अयोध्या
Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,