UP News: शामली में आग लगने से हादसा, घर में सो रहीं मां और दो बेटियों की जिंदा जलकर मौत… सिलेंडर धमाके से दहला गांव – INA
Shamli News: उत्तर प्रदेश के शामली जिले में बुधवार देर रात एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया. बाबरी थाना क्षेत्र के कैड़ी गांव में एक मकान में अचानक भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि घर के अंदर सो रही एक महिला और उसकी दो मासूम बेटियों को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला. तीनों की दर्दनाक मौत हो गई. हादसे के दौरान मकान में रखा गैस सिलेंडर भी जोरदार धमाके के साथ फट गया, जिससे आग ने और विकराल रूप ले लिया. घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.
जानकारी के मुताबिक, कैड़ी गांव निवासी साजिद के मकान में बुधवार रात करीब 12 बजे अचानक आग लग गई. देखते ही देखते आग ने मकान के एक हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया. वहां साजिद की 32 साल की पत्नी साईदा अपनी 13 साल की बेटी अदन और 11 साल की बेटी माहिरा के साथ सो रही थीं. आग तेजी से फैलने के कारण तीनों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका. इसी बीच घर में रखा गैस सिलेंडर भी तेज धमाके के साथ फट गया. सिलेंडर फटने से आग और भड़क उठी. धमाके की आवाज सुनकर गांव में अफरा-तफरी मच गई.
ग्रामीणों ने बचाई तीन बच्चों और पिता की जान
आग लगने की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने के साथ घर में फंसे लोगों को निकालने का प्रयास किया. मकान के दूसरे हिस्से में सो रहे साजिद और उनके दो अन्य बच्चों को ग्रामीणों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. हालांकि, साईदा और उनकी दोनों बेटियों को नहीं बचाया जा सका.
सूचना पर डायल 112 की टीम और बाबरी थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. दमकल विभाग की टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. आग बुझने के बाद मकान के अंदर का मंजर बेहद भयावह था. मां और दोनों बेटियों की मौत हो चुकी थी.
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है. हालांकि, आग के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी. इस हादसे में एक ही परिवार की तीन जिंदगियां खत्म होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव कैड़ी में शोक की लहर है. पूरे इलाके में इस दर्दनाक घटना की चर्चा हो रही है.
रिपोर्ट- श्रवम पंडित, शामली
शामली में आग लगने से हादसा, घर में सो रहीं मां और दो बेटियों की जिंदा जलकर मौत… सिलेंडर धमाके से दहला गांव
Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,