UP News: Ankit Baliyan Murder Case: कबड्डी का खिलाड़ी कैसे बना सिंगर? ऐसे चमका था अंकित बालियान का सितारा, 20 से ज्यादा गाने थे पाइपलाइन में – INA

Haryanvi Singer Ankit Baliyan: उत्तर प्रदेश के शामली के बंतीखेड़ा गांव से निकलकर हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में पहचान बनाने वाले अंकित बालियान की 26 अगस्त की शाम गोली मारकर हत्या कर दी गई. कभी कबड्डी के मैदान पर अपना भविष्य तलाशने वाले अंकित ने चोट के बाद खेल छोड़कर फिटनेस और फिर संगीत की दुनिया में कदम रखा था. कुछ ही वर्षों में वह सिंगर के साथ एक्टर, गीतकार, कंपोजर और म्यूजिक प्रोड्यूसर के तौर पर पहचान बनाने लगे थे. परिवार के मुताबिक, उनके 20 से ज्यादा नए गानों पर काम चल रहा था और वह बॉलीवुड में कदम रखने की तैयारी में थे.
अंकित ने अपने करियर की शुरुआत संगीत से नहीं, बल्कि कबड्डी से की थी. करीब 2013-14 तक वह प्रदेश स्तर पर कबड्डी खेलते रहे. दिल्ली, भोपाल समेत कई शहरों में आयोजित प्रतियोगिताओं में उन्होंने हिस्सा लिया. इसी दौरान पैर में गंभीर चोट और फ्रैक्चर के बाद उनका खेल करियर रुक गया. इसके बाद उन्होंने जिम और फिटनेस पर ध्यान देना शुरू किया. इसी दौरान संगीत के प्रति उनका रुझान बढ़ा और करीब 2022 में उन्होंने हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में सक्रिय रूप से काम शुरू किया.
सिंगिंग से प्रोडक्शन तक बनाई पहचान
अंकित ने जल्द ही अपनी अलग पहचान बना ली. वह गायन के साथ एक्टिंग, गीत लेखन, कंपोजिंग और म्यूजिक प्रोडक्शन में भी सक्रिय रहे. मासूम शर्मा समेत कई चर्चित कलाकारों के साथ उन्होंने प्रोजेक्ट किए. एक खटोला जेल के भीतर, भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान, 112 NE, जाट जाटनी, मोदी बरगा रुतबा, गोली के बारूद, सिस्टम और अगला जनम जाट जैसे गानों से उन्हें पहचान मिली. उनके कई गानों को YouTube पर लाखों और करोड़ों व्यूज मिले.
बॉलीवुड और राजनीति में जाने की थी तैयारी
अंकित के परिवार के अनुसार वह आने वाले समय में बॉलीवुड में भी काम करने की तैयारी कर रहे थे. कुछ कलाकारों के साथ बातचीत चलने की बात सामने आई थी. इसके अलावा वह राजनीति में भी कदम रखने की योजना बना रहे थे और जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ने की तैयारी में थे. हत्या के वक्त भी उनके 20 से अधिक नए गानों पर काम चल रहा था.
जिम से निकलते ही बरसाई गोलियां
26 अगस्त की शाम अंकित शामली के आर्यपुरी इलाके में स्थित जिम से बाहर निकले थे. इसी दौरान हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी. गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. हत्या के बाद मामले में अलग-अलग दावों ने जांच को और पेचीदा कर दिया है. एक कथित सोशल मीडिया वीडियो में भूपेंद्र ढींगरा नाम के शख्स ने खुद जिम में हुए विवाद का दावा करते हुए हत्या करवाने की बात कही. इससे पहले गोगी गैंग से जुड़े भोलू शाहपुरिया की ओर से भी हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा सामने आया था. इन दावों की पुलिस जांच कर रही है.
तीन जिलों की पुलिस और STF जांच में जुटी
हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए शामली, बागपत और मुजफ्फरनगर पुलिस की कई टीमें दिल्ली, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दबिश दे रही हैं. मामले के खुलासे के लिए उत्तर प्रदेश STF को भी जांच में लगाया गया है. पुलिस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, व्यक्तिगत विवाद या अन्य किसी वजह समेत सभी संभावित एंगल की जांच कर रही है.
पैतृक गांव में हुआ अंतिम संस्कार
अंकित का अंतिम संस्कार देर शाम उनके पैतृक गांव में गमगीन माहौल में किया गया. पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान, सपा विधायक पंकज मलिक समेत कई जनप्रतिनिधि अंतिम संस्कार में पहुंचे. परिजन आरोपियों के एनकाउंटर की मांग कर रहे हैं. उनका कहना है कि पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई करे, अन्यथा वे खुद कार्रवाई करने को मजबूर होंगे. पुलिस ने फिलहाल जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी पर फोकस किया है.
Ankit Baliyan Murder Case: कबड्डी का खिलाड़ी कैसे बना सिंगर? ऐसे चमका था अंकित बालियान का सितारा, 20 से ज्यादा गाने थे पाइपलाइन में
Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,