UP News: बरेली का अनोखा… जहां 80% आबादी झेल रही मुकदमेबाजी का दंश, आज भी वारंट लेकर पहुंचती है पुलिस – INA

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली शहर से सटे चौबारी गांव की कहानी दूसरे गांवों से काफी अलग है. यहां कभी दबदबे और वर्चस्व की लड़ाई में गोलियां चलना आम बात थी. छोटी-छोटी बातों से शुरू होने वाले विवाद कई बार हत्या तक पहुंच जाते थे. एक के बाद एक हुई वारदातों ने गांव के कई परिवारों को बर्बादी के रास्ते पर खड़ा कर दिया. किसी ने अपने पिता को खोया तो किसी ने भाई और बेटे को. कई परिवारों को जान बचाने के लिए गांव तक छोड़ना पड़ा. वक्त बदला, हालात सुधरे और गांव में पहले के मुकाबले शांति भी आई, लेकिन पुरानी रंजिशों के मुकदमे आज भी लोगों का पीछा नहीं छोड़ रहे हैं.

गांव के लोगों के मुताबिक, चौबारी की करीब 80 फीसदी आबादी आज भी किसी न किसी मुकदमेबाजी से प्रभावित है. कई परिवारों के सदस्य दशकों पुराने मामलों में आज भी थाने और अदालतों के चक्कर काट रहे हैं. बरेली कैंट थाने की पुलिस को भी वारंटों की तामील कराने के लिए बार-बार गांव पहुंचना पड़ता है. जब पुलिस अधिकारियों की ओर से वारंटियों की गिरफ्तारी का अभियान चलाया जाता है तो चौबारी में फिर दबिश शुरू हो जाती है. जो लोग अदालत में पेश नहीं होते, उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाता है.

बसपा नेता टप्पे की हत्या से दहल गया था पूरा जिला, सुप्रीम कोर्ट तक चली लड़ाई

चौबारी की खूनी रंजिशों में 14 मई 2006 की घटना आज भी लोगों को याद है. उस दिन राजनीतिक वर्चस्व की लड़ाई में बसपा के कद्दावर नेता और तत्कालीन जिला पंचायत सदस्य जगदीश सिंह टप्पे की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी. इस वारदात ने पूरे जिले में सनसनी फैला दी थी.

परिवार की ओर से विरोधी गुट के लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी. उनके बेटे सौरभ सिंह बताते हैं कि पिता की हत्या के बाद परिवार ने लंबी कानूनी लड़ाई लड़ी. बरेली की सेशन कोर्ट ने राजपाल सिंह, गजेंद्र उर्फ पिंकी ठाकुर, विक्रम सिंह उर्फ विक्की ठाकुर, जितेंद्र और भोले को उम्रकैद की सजा सुनाई थी. हाईकोर्ट और बाद में सुप्रीम कोर्ट ने भी सजा को बरकरार रखा. हालांकि, निर्धारित अवधि पूरी होने और सरकार के आदेश के तहत पिंकी ठाकुर को छोड़कर बाकी दोषी जेल से बाहर आ गए, लेकिन परिवार आज भी सुरक्षा की चिंता और दर्द के साये में जी रहा है.

ये भी पढ़ें: शराब छुड़ाने के नाम पर जड़ी-बूटी का काढ़ा पिलाया, दो लोगों की मौत; पांच अस्पताल में भर्ती

किसी ने पिता-भाई खोए तो किसी की जमीन-जायदाद मुकदमों में बिकी

गांव में लंबे समय तक चली रंजिशों ने दोनों पक्षों के परिवारों को भारी नुकसान पहुंचाया. कई परिवारों की जमीन-जायदाद और कमाई का बड़ा हिस्सा मुकदमों की पैरवी में खर्च हो गया. इलाके में दबदबा रखने वाले ठाकुर महाराज सिंह और उनके परिवार पर भी रंजिशों का गहरा असर पड़ा. उनके परिवार के लोगों की हत्या हुई और जेल में भी मौत हुई. परिवार के रतिभान सिंह को भी हालात ऐसे झेलने पड़े कि उन्हें परिवार के साथ गांव छोड़कर शहर में बसना पड़ा. वहीं, गांव के इंद्रपाल सिंह का कहना है कि अब लोग पुरानी बातों को पीछे छोड़कर गांव में शांति और विकास चाहते हैं.

आठवीं के बाद छूट गई प्रधान पप्पू सिंह की पढ़ाई, 1984 में परिवार ने छोड़ा था गांव

चौबारी के वर्तमान प्रधान ठाकुर पप्पू सिंह बताते हैं कि गांव में 42 साल पहले पार्टीबंदी और झगड़ों का माहौल ऐसा था कि उनकी पढ़ाई भी पूरी नहीं हो सकी और उन्हें आठवीं कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़नी पड़ी. उनके दादा ठाकुर सरनाम सिंह मुखिया कई बार गांव के सरपंच और प्रधान रहे, जबकि पिता ठाकुर महेंद्र सिंह पुलिस में नौकरी करते थे. गांव के झगड़ों और विवादों में उलझने के कारण महेंद्र सिंह नौकरी नहीं कर पाए और परिवार की सुरक्षा के डर से वर्ष 1984 में सब कुछ छोड़कर दिल्ली चले गए. अब गांव की नई पीढ़ी पुरानी लड़ाइयों से निकलकर पढ़ाई, रोजगार और विकास की राह देख रही है.

बरेली का अनोखा… जहां 80% आबादी झेल रही मुकदमेबाजी का दंश, आज भी वारंट लेकर पहुंचती है पुलिस


#INA #INA_NEWS #INANEWSAGENCY

Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,

Back to top button