UP News: BJP UP प्रभारी बनने के बाद पहली बार लखनऊ आ रहे विनोद तावड़े, संगठन से सरकार तक करेंगे मंथन, बनेगी रणनीति – INA

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने संगठन को सक्रिय करना शुरू कर दिया है. यूपी का नया प्रभारी बनाए जाने के बाद बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े पहली बार दो दिवसीय दौरे पर लखनऊ पहुंच रहे हैं. उनके दौरे को पार्टी की चुनावी तैयारियों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है.
विनोद तावड़े के सामने सबसे बड़ी चुनौती प्रदेश संगठन को चुनावी मोड में लाने की होगी. उनके दौरे में जिला स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक के पदाधिकारियों के साथ बैठकें प्रस्तावित हैं. इसके जरिए वह संगठन की मौजूदा स्थिति, बूथ स्तर की तैयारियों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर सीधे फीडबैक लेंगे.
प्रधानमंत्री के जन्मदिन के कार्यक्रमों की तैयारियों पर बैठक
विनोद तावड़े अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर बैठक करेंगे. पार्टी इस मौके पर प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी में है. ऐसे में विनोद तावड़े इन कार्यक्रमों की रूपरेखा और संगठन की भूमिका पर पदाधिकारियों के साथ चर्चा करेंगे.
जिलाध्यक्ष और क्षेत्रीय अध्यक्षों से लेंगे फीडबैक
यूपी प्रभारी के दौरे में संगठन के निचले स्तर तक संवाद पर खास जोर रहेगा. विनोद तावड़े जिला अध्यक्षों, क्षेत्रीय अध्यक्षों और प्रदेश टीम के पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगे. इन बैठकों में संगठन की जमीनी सक्रियता, कार्यकर्ताओं की भूमिका और आगामी अभियानों को लेकर चर्चा होगी. माना जा रहा है कि जिला स्तर पर पार्टी की तैयारियों और कमजोर क्षेत्रों की जानकारी भी विनोद तावड़े जुटाएंगे.
मुख्यमंत्री और दोनों डिप्टी सीएम से भी अलग-अलग मुलाकात
संगठन के साथ-साथ विनोद तावड़े सरकार के स्तर पर भी फीडबैक लेंगे. वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा दोनों उपमुख्यमंत्रियों केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक से अलग-अलग मुलाकात करेंगे. प्रदेश अध्यक्ष और संगठन महामंत्री के साथ भी उनकी बैठक होगी. इन बैठकों में सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय, आगामी राजनीतिक चुनौतियों और चुनावी तैयारियों को लेकर मंथन होने की संभावना है.
मंडल से लेकर प्रदेश तक एक्टिव होगा संगठन
बीजेपी की रणनीति अब सिर्फ प्रदेश स्तर की बैठकों तक सीमित रहने के बजाय मंडल, जिला और बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने की है. विनोद तावड़े के दौरे में इसी क्रम में अलग-अलग स्तर के नेताओं और पदाधिकारियों से संवाद किया जाएगा.
दरअसल, 2027 का विधानसभा चुनाव अभी दूर है, लेकिन बीजेपी ने संगठन को समय रहते चुनावी मोड में लाने की कवायद शुरू कर दी है. पार्टी का फोकस बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने, सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने और संगठनात्मक कमियों को समय रहते दूर करने पर है.
2017 की तर्ज पर समय से पहले चुनावी तैयारी
बीजेपी के लिए उत्तर प्रदेश सबसे महत्वपूर्ण राजनीतिक राज्य है. 2017 के विधानसभा चुनाव से पहले भी पार्टी ने काफी पहले से संगठन को चुनावी मोड में सक्रिय करना शुरू कर दिया था. अब 2027 के चुनाव से पहले तावड़े का यह दौरा इसी रणनीति की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है. विनोद तावड़े के दो दिवसीय दौरे में जिस तरह सरकार, प्रदेश संगठन, क्षेत्रीय और जिलाध्यक्षों को एक साथ संवाद के दायरे में लाया जा रहा है, उससे साफ है कि बीजेपी चुनावी तैयारियों को आखिरी समय के बजाय पहले से व्यवस्थित करने की रणनीति पर काम कर रही है.
BJP UP प्रभारी बनने के बाद पहली बार लखनऊ आ रहे विनोद तावड़े, संगठन से सरकार तक करेंगे मंथन, बनेगी रणनीति
Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,