UP News: बरेली में भी सूर्या चौहान हत्याकांड जैसी वारदात की कोशिश, गिरफ्तार होते ही गिड़गिड़ाने लगा हमलावर, बोला- गलती हो गई साहब – INA

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में गाजियाबाद के चर्चित सूर्या हत्याकांड जैसी घटना दोहराने की कोशिश का मामला सामने आया है. एक वकील पर चाकू से जानलेवा हमला करने के आरोप में फरार चल रहे बिलाल घोसी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस से गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी है. घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
दरअसल, पूरी घटना 30 और 31 मई की रात की है. सुभाषनगर निवासी बृजेश मिश्रा, जो पेशे से अधिवक्ता हैं, अपने मामा के साथ गांव से जमीन संबंधी काम निपटाकर वापस लौटे थे. देर रात वह अपने मामा के घर गुलाबनगर में वाहन पर बैठे हुए थे. आरोप है कि तभी गुलाबनगर निवासी बिलाल घोसी वहां पहुंचा और बृजेश मिश्रा को जबरन खींचकर ले जाने का प्रयास करने लगा. विरोध करने पर बिलाल घोसी ने चाकू बाजी कर दी.
शोर सुनकर बृजेश के मामा मौके पर पहुंचे और किसी तरह उन्हें छुड़ाया. आरोप है कि इसके बाद बिलाल घोसी ने बृजेश की मामी रानी शर्मा को पकड़ लिया, उनके साथ मारपीट की और चाकू निकालकर उनके गले पर रख दिया. अचानक हुई इस घटना से वहां मौजूद लोग दहशत में आ गए.
बचाव करने पहुंचे वकील पर किए गए चाकू से वार
परिजनों के अनुसार जब बृजेश मिश्रा अपनी मामी को बचाने के लिए आगे आए और हाथ में डंडा लेकर आरोपी का विरोध किया, तब बिलाल घोसी ने उन पर चाकू से हमला कर दिया. आरोप है कि आरोपी ने उनकी पीठ पर लगातार दो वार किए, जिससे वह घायल हो गए. इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. घटना की सूचना मिलने पर प्रेमनगर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल वकील को इलाज के लिए भेजा गया. पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया. पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई स्थानों पर दबिश दी और उसकी तलाश शुरू कर दी.
पीड़ित परिवार का कहना था कि उनकी आरोपी से कोई पुरानी रंजिश नहीं थी. इसके बावजूद उन पर जानलेवा हमला किया गया. घटना के बाद परिवार के लोगों में डर का माहौल बना हुआ था और उन्होंने पुलिस से सुरक्षा की मांग भी की थी.
पुलिस पर फायरिंग कर भागने लगा आरोपी, मुठभेड़ में हुआ घायल
आज सुबह प्रेमनगर पुलिस को सूचना मिली कि वकील पर हमला करने वाला आरोपी बिलाल घोसी जनकपुरी क्षेत्र में पुरानी रेलवे लाइन के पास आरपीएफ बैरक के आसपास देखा गया है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी की घेराबंदी कर दी.
पुलिस के अनुसार, खुद को घिरता देख बिलाल घोसी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने का प्रयास किया. इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की. इस दौरान आरोपी के दोनों पैरों में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा. आरोपी पुलिस के सामने गिड़गिड़ाते हुए बोला- साहब गलती हो गई अब नहीं करूंगा. पुलिस ने मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया.
ये भी पढ़ें:बहन से बढ़कर थी उसे झूठी शान भाई ने प्यार करने की दी ऐसी खौफनाक सजा, जानकर कांप जाएगी रूह
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और वकील पर हमले में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद हुआ. घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल भेजा गया है.
सीओ सिटी आशुतोष शिवम ने बताया कि बिलाल घोसी के खिलाफ पहले से चोरी, लूट, धोखाधड़ी समेत करीब आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं. अब पुलिस उसकी हिस्ट्रीशीट खोलने और गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है. मुठभेड़ के संबंध में भी अलग से मुकदमा दर्ज किया जा रहा है. फिलहाल, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
बरेली में भी सूर्या चौहान हत्याकांड जैसी वारदात की कोशिश, गिरफ्तार होते ही गिड़गिड़ाने लगा हमलावर, बोला- गलती हो गई साहब
Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,


