UP News: जापानी Gen-Z और CM योगी की सेल्फी, प्रोटोकॉल से परे नई कूटनीति की छोटी सी झलक – INA

राजनीति में तस्वीरें कभी-कभी बयानों से अधिक बोलती हैं. मंच, माइक, ज्ञापन, करारनामे, इनकी अपनी मर्यादा है. मगर एक सहज मुस्कान, एक छात्र की सेल्फी और मुख्यमंत्री के पास खड़े होकर कैद किया गया एक क्षण, अलग ही मैसेज दे जाता है. आज (शुक्रवार) लखनऊ में ऐसा ही एक नजारा दिखा. जापान के यामानाशी प्रांत से आए एक जापानी छात्र ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ सेल्फी ली.

योगी भी मुस्कराए. न कोई औपचारिकता का बोझ, न सत्ता की दूरी का आभास. पीछे तिरंगा, दीवारों पर राष्ट्रनायकों के फोटो. बीच में आस्था के प्रतीक ‘श्री राम, आगे एक जापानी छात्र और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ. यह केवल फोटो नहीं थी. यह नई कूटनीति की छोटी सी झलक थी.

राज्यपाल नागासाकी के नेतृत्व में लखनऊ आया जापानी डेलिगेशन

जापान के यामानाशी प्रांत के राज्यपाल कोटारो नागासाकी के नेतृत्व में एक डेलिगेशन लखनऊ आया है. उनके साथ जापानी स्टूडेंट भी थे. साथ ही लखनऊ के छात्र भी इस संवाद का हिस्सा बने. इसका मकसद केवल शिष्टाचार भेंट नहीं था, बल्कि छात्रों में संवाद, सांस्कृतिक परिचय और परस्पर सहयोग की नींव रखना भी था.

अनुशासन और तकनीक दे सकता है जापान

जापान का नाम लेते ही मन में रेल की घड़ी जैसी समयबद्धता (Punctuality), कारखानों का अनुशासन और तकनीक का कौशल उभरता है. उत्तर प्रदेश का नाम आते ही राम की अयोध्या, बुद्ध का सारनाथ, काशी की अनश्वरता और ताज का सौन्दर्य. दोनों में अंतर दिखता है. मगर भविष्य का सूत्र इन्हीं भिन्नताओं में छिपा है. जापान उत्तर प्रदेश को अनुशासन और तकनीक दे सकता है. उत्तर प्रदेश जापान को अपनी सभ्यता का आत्मीय स्पर्श दे सकता है.

उत्तर प्रदेश और यामानाशी के संबंध कोई आकस्मिक प्रसंग नहीं हैं. उद्योग, पर्यटन, व्यावसायिक शिक्षा, तकनीकी प्रशिक्षण और हरित हाइड्रोजन जैसे विषयों पर दोनों पक्ष पहले से बात कर रहे हैं. सीएम योगी की जापान यात्रा में भी कौशल-विकास और तकनीकी संस्थानों के छात्रों के प्रशिक्षण की संभावनाओं पर चर्चा हुई थी. जरा सोचिए, कभी राष्ट्रों की निकटता राजदूतों की बंद बैठकों में मापी जाती थी. अब उसका एक पैमाना ‘सेल्फी’ भी है. पहले दस्तावेजों पर हस्ताक्षर होते थे, फिर तस्वीर निकलती थी. अब तस्वीर पहले फैलती है, जो जिज्ञासा पैदा करती है, ये कौन हैं, कहां से आए हैं, किसलिए मिले हैं?

‘एक ऐसे मुख्यमंत्री, जो छात्रों के उत्साह में सहभागी हैं’

युग बदल गया है. कूटनीति की पुरानी परिभाषा में मंत्री, अधिकारी और ट्रांसलेटर प्रमुख होते थे. नई परिभाषा में छात्र भी हैं, कैमरा भी है, सोशल मीडिया भी है और एक तस्वीर भी है. योगी आदित्यनाथ की पब्लिक इमेज अनुशासन, प्रशासन और कठोर निर्णयों से जुड़ती रही है. भगवा वेश, दृढ़ वाणी और शासन की सक्रियता, यही उनकी पहचानी हुई मुद्रा रही. मगर इस तस्वीर में एक दूसरा पक्ष उभरता है. एक ऐसा मुख्यमंत्री, जो छात्रों के उत्साह में सहभागी है, जो औपचारिक बैठक को सहज मानवीय क्षण में बदलने देता है.

आज का अभिवादन है सेल्फी लेना

सार्वजनिक जीवन में पहुंच की अनुभूति भी राजनीति का अंग है. खासकर उस पीढ़ी के लिए जो भाषण से पहले तस्वीर देखती है, समाचार से पहले वीडियो साझा करती है और नेतृत्व को दूरी से नहीं, संवाद से परखना चाहती है. सेल्फी लेना आज का अभिवादन है. यह स्मृति भी है, प्रमाण भी. उस जापानी छात्र के लिए यह भारत यात्रा का संस्मरण बनेगी. उत्तर प्रदेश के लिए यह संदेश होगा कि वह केवल पुरातन गौरव का प्रदेश नहीं, वैश्विक युवा संवाद का भी सहभागी है.

Japanese Srudent Selfie With Cm Yogi

कूटनीति की असली पाठशाला

कल तक वे जापानी छात्र पुस्तकों में ताजमहल पढ़ते होंगे. आज संगमरमर की उस इमारत के सामने खड़े हैं. अयोध्या उनके लिए रामकथा का नाम रही होगी. अब वह निकट का भूगोल है. आगे काशी है, जहां समय ठहरता नहीं, सहस्राब्दियों के साथ बहता है. और सारनाथ है, जहां बुद्ध ने करुणा का पहला उपदेश दिया था. कूटनीति की असली पाठशाला शायद यही है, जब नक्शे पर बना देश आंखों के सामने जीवित हो उठे.

फिर भी केवल चित्रों से राष्ट्रों के रिश्ते नहीं बनते. मुस्कान स्वागत करती है, संस्थाएं संबंधों को टिकाऊ बनाती हैं. विद्यार्थी आदान प्रदान तभी सार्थक होगा, जब उसके साथ भाषा, शिक्षण, छात्रवृत्ति, तकनीकी प्रशिक्षण, शोध, सहयोग और रोजगार के वास्तविक अवसर जुड़ें.

बड़ी साझेदारी की प्रारंभिक तस्वीर

उत्तर प्रदेश के युवाओं के सामने कौशल, उच्च शिक्षा और रोजगार की चुनौतियां हैं. जापान के पास तकनीक, औद्योगिक अनुशासन और प्रशिक्षण की लंबी परंपरा है. यदि यामानाशी और उत्तर प्रदेश का संपर्क इन क्षेत्रों में ठोस परिणाम देता है, तो यह सेल्फी केवल सोशल मीडिया का प्रसंग नहीं रहेगी. यह एक बड़ी साझेदारी का प्रारंभिक चित्र कही जाएगी.

K. Vishwadev Rao

के. विश्वदेव राव, वरिष्ठ पत्रकार

जापानी Gen-Z और CM योगी की सेल्फी, प्रोटोकॉल से परे नई कूटनीति की छोटी सी झलक


#INA #INA_NEWS #INANEWSAGENCY

Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,

Back to top button