UP News: Kanpur News: घर से 30 मीटर दूर खेल रहा था 3 साल का निहाल, पानी के टैंक में गिरकर मौत; डेढ़ घंटे बाद चला पता – INA

Kanpur News: कानपुर के चकेरी इलाके में सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसे में तीन साल के मासूम की जान चली गई. सनिगवां के बंबा इलाके में घर के पास दूसरे बच्चों के साथ खेल रहा निहाल अचानक लापता हो गया. परिजन उसे आसपास की गलियों और मोहल्ले में तलाशते रहे, लेकिन करीब डेढ़ घंटे तक उसका कोई पता नहीं चला. बाद में मोहल्ले के बच्चों ने बताया कि निहाल पास में स्थित एक वाहन धुलाई केंद्र के पानी के टैंक में गिर गया है. परिवार और स्थानीय लोगों ने उसे टैंक से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. मासूम की मौत के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई.
घर से 30 मीटर दूर खेल रहा था निहाल
जानकारी के मुताबिक, सनिगवां के बंबा इलाके में रहने वाले मोहम्मद रफीक मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं. उनके परिवार में पत्नी सहाना और तीन बेटे गुफरान, कुर्बान और निहाल थे. निहाल तीनों भाइयों में सबसे छोटा था. स्थानीय लोगों के अनुसार, सोमवार शाम करीब चार बजे निहाल अपने घर से लगभग 30 मीटर दूर दूसरे बच्चों के साथ खेल रहा था. इसी दौरान वह पास में बने वाहन धुलाई केंद्र के पानी के टैंक में गिर गया. बताया जा रहा कि टैंक करीब पांच फीट गहरा था.
डेढ़ घंटे तक तलाशते रहे परिजन
निहाल के काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिवार के लोग परेशान हो गए. उन्होंने आसपास की गलियों और मोहल्ले में उसकी तलाश शुरू कर दी. परिजन लगातार बच्चे को खोजते रहे, लेकिन उन्हें उसका कोई सुराग नहीं मिला. इस बीच, निहाल के साथ खेल रहे बच्चों ने भी शुरुआत में परिजनों को घटना की जानकारी नहीं दी. शाम करीब साढ़े पांच बजे मोहल्ले के कुछ बच्चों ने परिवार को बताया कि निहाल वाहन धुलाई केंद्र के पानी के टैंक में गिर गया है. यह सुनते ही परिजन मौके पर पहुंचे.
टैंक से निकाला, लेकिन नहीं बच सकी जान
परिवार और स्थानीय लोगों ने मिलकर निहाल को टैंक से बाहर निकाला. परिजन उसे अस्पताल ले जाने के लिए निकले, लेकिन रास्ते में ही मासूम की मौत हो गई. इसके बाद परिवार के लोग बच्चे को वापस घर ले आए. जिस घर में कुछ देर पहले तक बच्चे के खेलने की आवाजें गूंज रही थीं, वहां उसकी मौत की खबर से कोहराम मच गया. परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. हादसे की जानकारी मिलने पर मोहल्ले के लोग भी पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंचे.
3 घंटे बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी सूचना
घटना के करीब तीन घंटे बाद, शाम लगभग सात बजे पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई. इसके बाद पुलिसकर्मी और फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी मौके पर पहुंची. हालांकि परिजनों ने फिलहाल कानूनी कार्रवाई कराने से इनकार कर दिया. उन्होंने बच्चे का पोस्टमार्टम कराने से भी मना कर दिया. पुलिस के मुताबिक, परिवार अभी कार्रवाई नहीं चाहता है. पुलिस परिजनों से बातचीत कर रही है. तहरीर मिलने और पोस्टमार्टम के लिए सहमति होने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.
Kanpur News: घर से 30 मीटर दूर खेल रहा था 3 साल का निहाल, पानी के टैंक में गिरकर मौत; डेढ़ घंटे बाद चला पता
Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,