UP News: ममता-तेजस्वी-कांग्रेस को नुकसान पहुंचा चुके ओवैसी, क्या यूपी में अखिलेश की बढ़ाएंगे मुश्किल? – INA

यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले असदुद्दीन ओवैसी की AIMIM और चंद्रशेखर की पार्टी ASP ने गठबंधन का ऐलान किया है. दोनों पार्टियां यूपी की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेंगी. गठबंधन ने चंद्रशेखर को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया है. ओवैसी का कहना है कि यूपी के मुसलमानों को राजनीतिक हिस्सेदारी दिलाने के लिए यह गठबंधन बनाया गया है.
ओवैसी यूपी से पहले बिहार, बंगाल और महाराष्ट्र में भी इस तरह के सियासी गठबंधन बना चुके हैं. हालांकि, इन तीनों राज्यों में मुस्लिम राजनीतिक भागीदारी तो नहीं बढ़ी, लेकिन बीजेपी विरोधी दलों को बड़ा नुकसान हुआ. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि यूपी में ओवैसी का यह गठबंधन सपा और कांग्रेस को कितना नुकसान पहुंचा सकता है?
पहले जानिए ओवैसी के 3 पुराने गठबंधन के बारे में
महाराष्ट्र में प्रकाश अंबेडकर के साथ गठबंधन
2019 के लोकसभा चुनाव में ओवैसी ने प्रकाश अंबेडकर की पार्टी वंचित बहुजन आघाड़ी के साथ गठबंधन किया. चुनाव में गठबंधन को बड़ी सफलता तो नहीं मिली, लेकिन इसने कांग्रेस और एनसीपी को बड़ा नुकसान पहुंचाया. नांदेड़ समेत कई सीटों पर कांग्रेस और एनसीपी को ओवैसी के गठबंधन के कारण हार का सामना करना पड़ा.
लोकसभा चुनाव के ठीक बाद महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव हुए. हालांकि, इस चुनाव में ओवैसी और अंबेडकर के बीच गठबंधन नहीं हुआ. चुनाव में न तो AIMIM ज्यादा प्रभावी रही और न ही प्रकाश अंबेडकर की पार्टी कोई खास असर छोड़ पाई.
बिहार में उपेंद्र कुशवाहा के साथ गठबंधन
2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में ओवैसी पांच पार्टियों के गठबंधन के साथ चुनावी मैदान में उतरे. इस गठबंधन का नाम ग्रैंड डेमोक्रेटिक सेक्युलर फ्रंट रखा गया. उपेंद्र कुशवाहा को गठबंधन का मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया गया. इस चुनाव में ओवैसी की पार्टी को पांच सीटों पर जीत मिली, जबकि एक सीट पर BSP ने जीत हासिल की.
हालांकि, इस गठबंधन ने तेजस्वी यादव की अगुवाई वाले महागठबंधन को भी नुकसान पहुंचाया. बिहार चुनाव में इस गठबंधन ने कम से कम 15 सीटों पर चुनावी समीकरण प्रभावित किए, जिसका फायदा NDA को मिला. नतीजतन, तेजस्वी यादव सत्ता से दूर रह गए.
2026 में ममता के खिलाफ बनाया मोर्चा
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में ओवैसी ने हुमायूं कबीर के साथ मिलकर एक नया मोर्चा बनाया. 2026 के विधानसभा चुनाव में ओवैसी के गठबंधन ने उत्तर दिनाजपुर, मुर्शिदाबाद और मालदा में अपने उम्मीदवार उतारे. इन तीनों जिलों में विधानसभा की कुल 43 सीटें हैं.
ओवैसी खुद तो चुनाव नहीं जीत पाए, लेकिन उनके गठबंधन ने ममता बनर्जी की पार्टी के सामने चुनौती पेश की. 2021 में ममता की पार्टी को इन तीनों जिलों में 35 सीटों पर जीत मिली थी. इस बार TMC की सीटें घटकर 22 रह गईं. वहीं, बीजेपी की सीटों की संख्या आठ से बढ़कर 19 हो गई. दो सीटों पर अन्य दलों ने जीत हासिल की.
अब ओवैसी की नजर अखिलेश यादव पर
यूपी में अपना प्रभाव बढ़ाने में जुटे असदुद्दीन ओवैसी की नजर अब अखिलेश यादव पर है. प्रेस कॉन्फ्रेंस में ओवैसी ने सीधे तौर पर कहा कि अखिलेश पिछले चार चुनावों में बीजेपी को नहीं हरा पाए हैं. इसलिए अब मुसलमानों को अपने राजनीतिक विकल्पों पर विचार करना होगा. उन्होंने कहा कि अखिलेश 2014, 2017, 2019 और 2022 के चुनावों में बीजेपी को हराने में नाकाम रहे.
ओवैसी की नजर यूपी के उन परंपरागत मुस्लिम मतदाताओं पर है, जो फिलहाल इंडिया गठबंधन के साथ हैं. CSDS-लोकनीति के मुताबिक, 2024 के लोकसभा चुनाव में 92 प्रतिशत मुसलमानों ने इंडिया गठबंधन के पक्ष में वोट किया था. वहीं, 56 प्रतिशत गैर-जाटव दलितों ने भी इंडिया गठबंधन को वोट दिया. इस चुनाव में इंडिया गठबंधन ने यूपी की 80 में से 43 सीटों पर जीत हासिल की थी.
पश्चिमी यूपी की 71 सीटों पर ओवैसी और चंद्रशेखर का गठबंधन असरदार साबित हो सकता है. यहां बिजनौर और सहारनपुर जैसे जिलों में चंद्रशेखर की मजबूत पकड़ मानी जाती है. ऐसे में यह गठबंधन अखिलेश यादव के लिए नई चुनौती बन सकता है.
ममता-तेजस्वी-कांग्रेस को नुकसान पहुंचा चुके ओवैसी, क्या यूपी में अखिलेश की बढ़ाएंगे मुश्किल?
Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,