UP News: ‘मेरी मां मर गई, मैं भी मर जाऊंगा और बेटियों को…’, कानपुर में जुड़वा बहनों का कातिल पिता क्यों अलापता था ये राग? – INA

Kanpur Double Murder Case Update: उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक पिता की रूह कंपा देने वाली क्रूरता ने सबको सन्न कर दिया है. आरोपी शशि रंजन मिश्रा अक्सर अपनी पत्नी से कहता था, “मेरी मां मर गई है, अब मैं भी जीना नहीं चाहता. मैं मर जाऊंगा और अपनी बेटियों को भी साथ ले जाऊंगा, तुम बस अपने बेटे को पाल लेना.” किसी ने नहीं सोचा था कि अपनी बेटियों से ‘बेहद प्यार’ का दावा करने वाला शख्स ही उनका काल बन जाएगा.
पुलिस पूछताछ में इस जघन्य अपराध की कड़ियां एक-एक कर जुड़ रही हैं. आरोपी शशि ने स्वीकार किया कि उसने 18 अप्रैल को ही बेटियों को मारने का प्लान बना लिया था. इसके लिए उसने काकदेव इलाके से 500 रुपये में एक धारदार चापड़ (चाकू) खरीदा था. वारदात वाली रात उसने अपनी 11 साल की दोनों जुड़वां बेटियों के खाने में नशीली गोलियां मिला दीं. जब मासूम बच्चियां बेहोश हो गईं, तो पहले उसने उनका गला घोंटा और फिर चापड़ से उनका गला रेत दिया.
भविष्य की चिंता या मानसिक सनक?
शशि रंजन मिश्रा पहले एक मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (MR) था, लेकिन नौकरी छूटने के बाद वह बेरोजगार हो गया था. आर्थिक तंगी और डिप्रेशन के कारण वह शराब और नशे की गोलियों का आदी हो गया था. उसने पुलिस को बताया कि वह अपनी बेटियों से बहुत प्यार करता था और उसे डर था कि उसके मर जाने के बाद उनका क्या होगा. इसी भविष्य की चिंता के नाम पर उसने मासूमों की जान ले ली. हैरानी की बात यह है कि उसने अपनी बेटियों को अच्छी शिक्षा दिलाने के लिए किदवई नगर के नामी स्कूल में दाखिला कराया था, जहां उसका छोटा बेटा भी एलकेजी का छात्र है.
शक का घेरा और घर में लगे CCTV
पत्नी रेशमा ने बताया कि उनका वैवाहिक जीवन नरक जैसा था. शशि उस पर बेवफाई का शक करता था और इसी सनक में उसने पूरे घर के भीतर CCTV कैमरे लगवा दिए थे ताकि वह रेशमा की हर हरकत पर नजर रख सके. वारदात की रात भी रेशमा अपने 6 साल के बेटे के साथ अलग कमरे में सो रही थी, जबकि शशि बेटियों के साथ दूसरे कमरे में था. रात करीब ढाई बजे तक बच्चियां जीवित थीं, जिसका सबूत घर में लगे उन्हीं कैमरों में मिला है जब शशि एक बेटी को टॉयलेट ले जाता दिखा.
ये भी पढ़ें: रात ढाई बजे जिंदा थीं बेटियां, कानपुर में जुड़वा बहनों के कातिल पिता का कबूलनामा, बताया क्यों की हत्या
खुद किया फोन, पर नहीं कर सका सुसाइड
बेटियों की हत्या करने के बाद शशि खुद भी सुसाइड करना चाहता था, लेकिन हिम्मत नहीं जुटा सका. सुबह करीब साढ़े चार बजे उसने खुद पुलिस को फोन कर अपने जुर्म की जानकारी दी. जब पुलिस पहुंची, तो कमरे का मंजर देखकर अनुभवी अफसरों के भी रोंगटे खड़े हो गए. मां रेशमा को पुलिस के आने तक खबर भी नहीं थी कि उसके बगल वाले कमरे में उसकी कोख सूनी हो चुकी है.
पुलिस की कार्रवाई
डीसीपी साउथ दीपेंद्र चौधरी के अनुसार, पत्नी रेशमा की तहरीर पर नौबस्ता थाने में आरोपी पति शशि रंजन मिश्रा के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है. पुलिस की जांच में हत्या के पीछे आर्थिक तंगी, डिप्रेशन, पारिवारिक कलह, और आपसी मतभेद जैसे कई पहलू सामने आए हैं. फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है और मामले की कानूनी कार्रवाई जारी है.
‘मेरी मां मर गई, मैं भी मर जाऊंगा और बेटियों को…’, कानपुर में जुड़वा बहनों का कातिल पिता क्यों अलापता था ये राग?
Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,


