UP News: बरेली में 24 साल बाद बारिश का रिकॉर्ड टूटा… 14 मकान जमींदोज, बिजली घरों में भरा पानी; नदी में 3 युवक बहे – INA

Bareilly rain: उत्तर प्रदेश के स्मार्ट सिटी बरेली में रिकॉर्ड बारिश ने शहर से लेकर गांव तक जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया. रविवार दोपहर से सोमवार दोपहर तक 24 घंटे में 381.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, इस दौरान देशभर में सबसे ज्यादा बारिश बरेली में हुई. विभाग के पास वर्ष 1981 से अब तक के आंकड़े हैं और 24 घंटे में इतनी बारिश पहले कभी दर्ज नहीं हुई थी. वर्ष 2005 में 267.2 मिलीमीटर बारिश का रिकॉर्ड था, जो इस बार टूट गया.

मूसलाधार बारिश के बाद शहर की सड़कें, मोहल्ले और कॉलोनियां जलमग्न हो गईं. बरेली की VIP रेजिडेंसी कॉलोनी भी इससे अछूती नहीं रही. रेजिडेंसी गार्डन में करीब छह फीट तक पानी भर गया, जबकि करीब 180 मकानों में पानी घुस गया. घरों में पानी भरने से लोगों के सामने रहने और जरूरी सामान बचाने की चुनौती खड़ी हो गई. कई लोगों का कहना है कि घरों में रखा कैश और जेवर भी पानी में बह गए.

ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से निकाले गए परिवार

जलभराव बढ़ने के बाद रेजिडेंसी कॉलोनी के कई परिवारों को घर छोड़कर सुरक्षित जगहों पर जाना पड़ा. लोगों को ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के जरिए बाहर निकाला गया. कुछ परिवारों ने होटल और अन्य सुरक्षित स्थानों में शरण ली. जलभराव वाले इलाकों में बिजली आपूर्ति भी बंद कर दी गई. इससे लोगों की मुश्किलें और बढ़ गईं.

सिकलापुर में पानी इतना भर गया कि लोगों को आवाजाही के लिए नाव का सहारा लेना पड़ा. राजेंद्रनगर समेत कई इलाकों की सड़कें पूरी तरह जलमग्न रहीं. सरकारी कार्यालयों में भी पानी भरने से कामकाज प्रभावित हुआ.

News 2026 09 08t085401.173

मकान गिरने से दो महिलाएं घायल, बच्चे की मौत

लगातार बारिश ने जर्जर मकानों के लिए भी खतरा बढ़ा दिया. शहर के तीन और ग्रामीण क्षेत्रों में दो समेत कुल 14 मकान गिर गए. इन हादसों में दो महिलाओं के घायल होने की जानकारी है. जिले में 15 पेड़ भी गिर गए, जिससे कई स्थानों पर रास्ते बाधित हुए.

फतेहगंज पश्चिमी के गांव कुरतरा में बरसाती नाले में डूबने से 10 वर्षीय भास्कर सागर की मौत हो गई. वहीं, डरुआपुर-अतरछेड़ी मार्ग पर अरिल नदी में बाइक सवार तीन लोग बह गए. तीनों की तलाश जारी है.

रेलवे ट्रैक पर पानी, साढ़े तीन घंटे प्रभावित रहा संचालन

भारी बारिश का असर रेल यातायात पर भी पड़ा. बरेली जंक्शन और बरेली सिटी स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक पर पानी भरने से करीब साढ़े तीन घंटे तक रेल संचालन प्रभावित रहा. दो ट्रेनों को डायवर्ट करना पड़ा, जबकि करीब आधा दर्जन ट्रेनें प्रभावित हुईं.

सीबीगंज-बरेली के बीच रेलवे ट्रैक के किनारे खड़े पेड़ की शाखाएं टूटकर डाउन लाइन पर गिर गईं. ये शाखाएं 14674 शहीद एक्सप्रेस के इंजन से टकरा गईं, जिसके बाद ट्रेन रोकनी पड़ी. रेलवे कर्मचारियों ने करीब डेढ़ घंटे की मेहनत के बाद ट्रैक साफ किया, लेकिन इंजन में प्रेशर नहीं बनने से ट्रेन आगे नहीं बढ़ सकी.

14 बिजली उपकेंद्रों में भरा पानी

बारिश के कारण जिले के 14 विद्युत उपकेंद्रों में भी पानी भर गया. सोमवार तड़के करीब चार बजे जलभराव के बाद डीडीपुरम, डेलापीर, कुतुबखाना और सिविल लाइंस समेत कई इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रही. हालात को देखते हुए कक्षा आठ तक के सभी स्कूलों में दो दिन की छुट्टी घोषित की गई है. रिकॉर्ड बारिश ने बरेली में शहर की पॉश कॉलोनियों से लेकर गांवों तक लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं.

इसी बीच, बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. आंवला-अतरछेड़ी मार्ग पर डरुआपुर गांव के पास अरिल नदी पर बने रपटा पुल को पार करते समय बाइक सवार तीन युवक तेज बहाव में बह गए. सोमवार शाम हुए इस हादसे के बाद से तीनों युवकों का कोई पता नहीं चल सका है.

सोमवार शाम तीन युवक बाइक से रपटा पुल पार कर रहे थे. उस समय अरिल नदी का जलस्तर काफी बढ़ा हुआ था और पुल के ऊपर करीब एक फुट पानी बह रहा था. आसपास मौजूद ग्रामीणों ने युवकों को रोकने की कोशिश की और तेज बहाव के बीच पुल पार न करने की चेतावनी दी, लेकिन उन्होंने उनकी बात नहीं मानी.

जैसे ही बाइक पुल के बीच पहुंची, तेज बहाव के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया. बाइक फिसलते ही तीनों युवक नदी में जा गिरे. वे कुछ समझ पाते, इससे पहले ही पानी की तेज धारा उन्हें बहाकर दूर ले गई. मौके पर मौजूद एक ग्रामीण ने घटना का वीडियो भी बनाया.

पुलिस और प्रशासन ने शुरू कराया रेस्क्यू

हादसे की सूचना मिलते ही आंवला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवकों की तलाश शुरू कराई. इसके बाद बिशारतगंज पुलिस भी अभियान में शामिल हो गई. रात में बरेली के डीएम अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे.

प्रशासन ने रेस्क्यू अभियान में एसडीआरएफ और फ्लड पीएसी की एक कंपनी को लगाया है. आसपास के गांवों में भी युवकों की तलाश कराई जा रही है. हालांकि, लगातार बारिश, नदी में तेज बहाव और रात होने के कारण बचाव अभियान में मुश्किलें आ रही हैं.

नदी से मिली बाइक, एक युवक की पहचान की कोशिश

रेस्क्यू अभियान के दौरान नदी से एक बाइक बरामद हुई. पूर्व चेयरमैन सूरजपाल के मुताबिक, पड़ोसी का बेटा नितिन सोमवार शाम करीब चार बजे अपने पिता की बाइक लेकर आंवला की ओर गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा. बरामद बाइक नितिन के पिता की बताई जा रही है. इसके आधार पर एक युवक के बारे में जानकारी मिली है.

बरेली में 24 साल बाद बारिश का रिकॉर्ड टूटा… 14 मकान जमींदोज, बिजली घरों में भरा पानी; नदी में 3 युवक बहे


#INA #INA_NEWS #INANEWSAGENCY

Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,

Back to top button