UP News: हमीरपुर सेतु दुर्घटना के दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई…जांच के लिए उच्चस्तरीय समितियां गठित – INA

हमीरपुर सेतु दुर्घटना की जांच के लिए दो उच्चस्तरीय समितियां गठित कर दी गई हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी. बेतवा नदी पर निर्माणाधीन सेतु के सेगमेंटल स्पान (P-5 से P-6) गिरने की घटना को लेकर के सख्त निर्देश जारी किये गये हैं. जिला प्रशासन और उत्तर प्रदेश सेतु निगम द्वारा दो अलग-अलग उच्चस्तरीय जांच समितियों का गठन किया गया है. दोनों समितियों ने घटना की व्यापक जांच शुरू कर दी है.
जिलाधिकारी अभिषेक गोयल ने बताया कि इसके अलावा जिला प्रशासन द्वारा गठित तीन सदस्यीय जांच समिति घटना से संबंधित सभी प्रशासनिक, तकनीकी एवं प्रक्रियात्मक पहलुओं की गहन जांच कर रही है. इसकी अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) कर रहे हैं. समिति के सदस्यों द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण एवं साक्ष्य संकलन का कार्य प्रारम्भ कर दिया गया है.
घटना के लिए जिम्मेदार लोगों पर होगी कठोर कार्रवाई
जिलाधिकारी ने बताया कि उक्त दुर्घटना के संबंध में थाना कुरारा में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) एवं धारा 125(ए) के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है. प्रकरण की विवेचना प्रचलित है, जांच के दौरान मिले तथ्यों, साक्ष्यों और दोनों जांच समितियों की ओर से प्रस्तुत की जाने वाली आख्या के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई तय की जाएगी. घटना के लिए उत्तरदायी पाए जाने वाले व्यक्तियों या संस्थाओं के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.
परिजनों को तत्काल 4-4 लाख रुपए की आर्थिक मदद
डीएम ने यह भी बताया कि दुर्घटना में मृत 6 श्रमिकों के परिजनों को शासन की ओर से 4-4 लाख रूपए की अनुग्रह सहायता राशि उपलब्ध कराई जा चुकी है. इसके अतिरिक्त निर्माण कार्य से संबंधित फर्म मेसर्स शेल्टर इंफ्रा प्रोजेक्ट्स लिमिटेड द्वारा प्रत्येक मृतक श्रमिक के परिवार को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है. श्रम विभाग की योजनाओं के तहत भी प्रत्येक पात्र परिवार को 1.25 लाख रुपए की सहायता राशि उपलब्ध कराई जा रही है.
पीड़ितों को सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याणकारी योजना का लाभ
जिलाधिकारी ने बताया कि प्रभावित परिवारों को विभिन्न सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याणकारी योजनाओं से भी आच्छादित किया जा रहा है. दो पात्र परिवारों को राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना का लाभ प्रदान किया जा रहा है. दिवंगत राजेश पाल की पत्नी अनीता एवं पुष्पेन्द्र सिंह चौहान के पिता राजेन्द्र सिंह को राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना से लाभान्वित किया गया है. वहीं दिवंगत पुष्पेन्द्र सिंह चौहान के पिता राजेन्द्र सिंह को वृद्धावस्था पेंशन योजना तथा स्वर्गीय राजेश पाल की पत्नी अनीता को निराश्रित महिला पेंशन से आच्छादित किए जाने की कार्यवाही की जा रही है.
मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना का मृतक की बेटियों को लाभ
डीएम ने बताया कि दिवंगत राजेश पाल की दो पुत्रियों को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत लाभान्वित किया जाएगा. जिसके तहत दोनों बालिकाओं को 18 वर्ष की आयु पूर्ण होने तक प्रतिमाह 2500 रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी. इसके अतिरिक्त पात्र परिवारों को अंत्योदय राशन कार्ड, आवास, स्वच्छ शौचालय योजना तथा अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया जा रहा है.
डीएम अभिषेक गोयल ने कहा कि जनपद प्रशासन प्रभावित परिवारों के साथ पूर्ण संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता के साथ खड़ा है. सभी पात्र परिजनों को शासन की योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराया जाएगा तथा घटना की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करते हुए दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. निर्माण कार्यों में गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों के अनुपालन से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा.
हमीरपुर सेतु दुर्घटना के दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई…जांच के लिए उच्चस्तरीय समितियां गठित
Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,



