UP News: छोला फेंको, झोला ले जाओ… वाराणसी में पकड़ा गया ये अजीबोगरीब गैंग, XUV में घूमकर करता था चोरी – INA

उत्तर प्रदेश के वाराणसी में पुलिस टीम की बड़ी कार्रवाई देखने को मिली है. पुलिस ने एक ऐसे अनोखे गैंग का भंडाफोड़ किया है, जो कि छोला फेंक कर झोला गायब कर देता था. सुनने में हो सकता है यह घटना आपको अजीब और फर्जी लग रही हो, लेकिन ऐसा नहीं ये मामला बिल्कुल हकीकत है. यह कोई मामूली अपराधी नहीं, बल्कि दर्जन भर लोगों का एक इंटर स्टेट गैंग है, जो कि काफी हाई प्रोफाइल है. इस गैंग के सदस्य XUV कार से चलते हैं. पुलिस ने गैंग के 10 लोगों को गिरफ्तार किया है.
बिहार के बेगूसराय के रहने वाले युवकों का ये गैंग लोगों पर खाने पीने की चीजें फेंक कर उनका सामान, बैग और पर्स लेकर फरार जाता था. जांच में सामने आया है कि ये लोग पहले रेकी करते थे और फिर शिकारी की पहचान कर घटना को अंजाम देते थे. गिरफ्तार गैंग के बारे में डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार ने बताया कि यह गैंग बेहद हाईटेक और शातिर तरीके से काम करता था. ये लोग महंगी XUV700 कार से एक राज्य से दूसरे राज्य जाते थे.
पहले करते थे रेकी
किसी शहर में जाकर ये होटल में रुकते और फिर बैंक व एटीएम के पास रेकी करते थे. गिरोह का एक सदस्य बुजुर्ग या अकेले व्यक्ति पर खाने की चीज या गंदा पानी फेंक देता था, जबकि दूसरा मदद के बहाने ध्यान भटकाकर कीमती सामान लेकर फरार हो जाता था. इन पर वाराणसी में दो मुकदमे दर्ज हैं, जबकि बिहार के दस जिलों में दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं. यूपी के बाकी जिलों से भी इस गैंग से जुड़ी जानकारी इकट्ठा कर रहे हैं. इनके खिलाफ गैंगस्टर में कार्रवाई करेंगे.
मदद के नाम पर गायब किया था पर्स
इस गैंग की पीड़िता चंदा देवी ने बताया कि मैं सरकारी कर्मचारी हूं और बीते फरवरी महीने में ही रिटायर हुई हूं. रिटायर हुई तो रिटायरमेंट का पैसा मिला. उस पैसे से जमीन खरीद कर मकान बनवाने जा रही थी, तभी बाइक सवार दो लोगों ने मेरे ऊपर छोले फेंक दिए. इतने में एक युवक आया और कहा कि माता जी आइए यहां नल है धो लीजिए. मैं धोने गई तो मेरा झोला गायब कर दिए. झोले में सात लाख बारह हजार रुपए, दो मोबाइल, पासबुक, चेक बुक और एटीएम कार्ड था.
‘मुझे मेरा पूरा पैसा चाहिए…’
पीड़िता चंदा देवी ने पुलिस की कार्रवाई पर संतोष जताया है. हालांकि, भावुक होते हुए उन्होंने कहा कि मेरा रिटायरमेंट का पैसा था, जिससे मुझे घर बनवाना था. पुलिस ने चोरों को तो पकड़ लिया लेकिन बरामद रकम से मैं संतुष्ट नहीं हूं. मुझे मेरा पूरा पैसा और मोबाइल वापस चाहिए. पुलिस अब आरोपियों को रिमांड पर लेकर बाकी की रकम बरामद करने की कोशिश करेगी.
पकड़े गए आरोपियों की पहचान जितेन्द्र मिश्रा, मृत्युंजय कुमार सिंह, कुणाल कुमार तिवारी, राजू पांडेय, राजेश्वर तिवारी, राहुल तिवारी, सूरज तिवारी, संजय तिवारी, रिक्की तिवारी उर्फ अनिकेत और मुकुल तिवारी के रूप में हुई हैं. सभी की उम्र 22 से 45 साल के बीच है और जितेंद्र मिश्रा सरगना बताया जा रहा है. इस गैंग के अभी दो से तीन सदस्य फरार हैं. जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम जुट गई है.
छोला फेंको, झोला ले जाओ… वाराणसी में पकड़ा गया ये अजीबोगरीब गैंग, XUV में घूमकर करता था चोरी
Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,



