UP News: UP: बंद कमरे में 2 लाशें… बलरामपुर में बिस्तर पर मृत मिले पति-पत्नी, हत्या या आत्महत्या? – INA

Balrampur News: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पति-पत्नी के शव घर के कमरे में बिस्तर पर संदिग्ध परिस्थितियों में मिले हैं. घटना गैंड़ास बुजुर्ग थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बासूपुर के पुरवा पिरगिरास की है. मृतकों की पहचान 28 वर्षीय मनोज कुमार और उनकी पत्नी मंजू देवी के रूप में हुई है. एक साथ पति-पत्नी की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल दोनों की मौत कैसे हुई, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है और पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है.
जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब पांच बजे परिवार के कुछ लोग घर पहुंचे. इस दौरान घर का दरवाजा अंदर से बंद मिला. परिजनों ने कई बार आवाज लगाई, लेकिन कमरे के भीतर से कोई जवाब नहीं मिला. काफी देर तक कोई हलचल नहीं होने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई. इसके बाद दरवाजा तोड़ा गया.
बिस्तर पर पड़े मिले शव
दरवाजा खुलते ही अंदर का नजारा देखकर परिजनों के होश उड़ गए. मनोज कुमार और उनकी पत्नी मंजू देवी कमरे में बिस्तर पर मृत पड़े थे. पति-पत्नी की एक साथ मौत की खबर कुछ ही देर में पूरे गांव में फैल गई. देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई. परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
इस दर्दनाक घटना ने दंपती के दो मासूम बच्चों को भी बेसहारा कर दिया है. बताया जा रहा है कि उनके दो बेटे हैं, जिनकी उम्र करीब पांच और तीन वर्ष है. इतनी कम उम्र में दोनों बच्चों के सिर से एक साथ मां और पिता का साया उठ गया. परिवार के लोग बच्चों के भविष्य को लेकर भी चिंतित हैं. गांव में इस घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं, लेकिन पुलिस ने अभी तक मौत के कारणों को लेकर कोई निष्कर्ष नहीं निकाला है.
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडेय, क्षेत्राधिकारी डॉ. जितेंद्र कुमार और गैंड़ास बुजुर्ग थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों व आसपास के लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई. अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडेय के अनुसार, घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को बुलाया गया है.
दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा. पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि दंपती की मौत किन परिस्थितियों में हुई. फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है.
UP: बंद कमरे में 2 लाशें… बलरामपुर में बिस्तर पर मृत मिले पति-पत्नी, हत्या या आत्महत्या?
Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,