UP News: बरेली के हीलियोस जिम में बवाल: थर्ड जेंडर के कपड़े फाड़े, फिर ‘फर्जी किन्नर’ बताकर पीटा – INA

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के पॉश इलाके रामपुर गार्डन स्थित ‘हीलियोस जिम’ में गाड़ी क्षतिग्रस्त किए जाने से शुरू हुआ मामूली विवाद हिंसक मारपीट में बदल गया. प्रेमनगर के कोहाड़ापीर निवासी थर्ड जेंडर सलमान उर्फ मन्नू सूरी ने जिम संचालक अश्वनी शर्मा और उनके साथियों पर मारपीट, अभद्रता, छेड़छाड़ और कपड़े फाड़ने का गंभीर आरोप लगाया है. घटना से जुड़ा एक रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.

पीड़ित मन्नू सूरी के अनुसार, 7 अगस्त की सुबह करीब 8 बजे उसके मुंहबोले भाई विशाल ने फोन कर सूचना दी कि रामपुर गार्डन स्थित हीलियोस जिम के बाहर उसकी गाड़ी क्षतिग्रस्त कर दी गई है. इस पर मन्नू अपने दो साथियों के साथ जिम पहुंचा और संचालक अश्वनी शर्मा से बात की. उस वक्त संचालक ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज देखकर गाड़ी तोड़ने वाले का पता लगाकर जानकारी देंगे. इसके बाद मन्नू और उसके साथी वापस लौट गए.

रात को दोबारा बुलाकर कमरे में की गई मारपीट

मन्नू का आरोप है कि रात करीब 10 बजे उसके साथी के फोन पर जिम संचालक के पक्ष से कॉल आया कि गाड़ी तोड़ने वाले का पता चल गया है, आप लोग जिम आ जाएं. जब मन्नू अपने साथियों के साथ दोबारा हीलियोस जिम पहुंचा, तो वहां जिम संचालक अश्वनी शर्मा के अलावा सुशील, अंकित, अजय और कई अन्य लोग पहले से मौजूद थे.

बातचीत के दौरान अचानक माहौल गरमा गया. आरोप है कि वहां मौजूद लोगों ने मन्नू और उसके साथियों को घेर लिया और लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया. मन्नू का आरोप है कि उसके कपड़े फाड़ दिए गए, गले को दबाकर जान से मारने की कोशिश की गई और उसके साथ छेड़छाड़ की गई. मारपीट के कारण वह बदहवास हो गया, जिसके बाद कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर उसे बाहर निकाला.

ये भी पढ़ें: वाराणसी में खतरे की तरफ बढ़ती गंगा नावों पर बैन, काशी विश्वनाथ का गंगा द्वार बंद, आरती स्थल 15 फीट ऊपर खिसका

‘असली बनाम फर्जी किन्नर’ का मोड़ और वायरल वीडियो

मामले में जिम संचालक पक्ष का दावा है कि कुछ लोग ग्राहकों से अनधिकृत रूप से बधाई (रुपये) मांगने आते थे, जिसका विरोध किया जा रहा था. विवाद के दौरान शहर की असली किन्नर गुरु को मौके पर बुलाकर मन्नू की पहचान कराई गई. आरोप है कि असली किन्नर ने मन्नू को फर्जी किन्नर करार देते हुए कहा कि ऐसे लोग शहर का माहौल खराब कर रहे हैं, जिसके बाद दोनों पक्षों में जमकर हाथापाई हुई. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में भी कुछ लोग एक-दूसरे से मारपीट और अभद्रता करते साफ नजर आ रहे हैं.

पुलिस का बयान

घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने कोतवाली बरेली में नामजद व अज्ञात लोगों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है. कोतवाली इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह ने बताया- तहरीर प्राप्त हो गई है. वायरल वीडियो और जिम के आसपास लगे CCTV कैमरों की गहनता से जांच की जा रही है. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर संबंधित धाराओं में निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

बरेली के हीलियोस जिम में बवाल: थर्ड जेंडर के कपड़े फाड़े, फिर ‘फर्जी किन्नर’ बताकर पीटा


#INA #INA_NEWS #INANEWSAGENCY

Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,

Back to top button