UP News: लखनऊ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच क्यों हुई अपशब्दों की बौछार, किसने क्या कहा, अब राहुल की अदालत में जाएगा मामला – INA

उत्तर प्रदेश कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन के बीच प्रदेश मुख्यालय में जमकर हंगामा हुआ. नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना के कार्यभार ग्रहण करने के बाद पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की, कहासुनी और अभद्रता के आरोप लगे. विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों की ओर से जूते तक तान दिए गए. घटना के बाद कांग्रेस के भीतर गुटबाजी और आपसी खींचतान को लेकर सवाल उठने लगे हैं.
अध्यक्ष के स्वागत के दौरान शुरू हुआ विवाद
दरअसल, प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में नवनियुक्त अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना के कार्यभार ग्रहण करने का कार्यक्रम था. इसी दौरान निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष अजय राय मुख्यालय पहुंचे और मोना को कार्यभार ग्रहण कराने के लिए आगे बढ़े. बताया जा रहा है कि इसी बीच भीड़ को हटाते हुए एक कार्यकर्ता ने कहा कि हटिए, अध्यक्षजी आ रहे हैं. इस पर वहां मौजूद कुछ लोगों ने टिप्पणी कर दी.
आरोप है कि लखनऊ नगर निगम में कांग्रेस पार्षद दल की नेता ममता चौधरी ने सवाल किया कि कौन से अध्यक्ष? उनके द्वारा कथित तौर पर अपशब्द कहे जाने का भी आरोप लगाया गया है. इस टिप्पणी से अजय राय नाराज हो गए और दूसरी तरफ जाने लगे. स्थिति को संभालने के लिए नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना, नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष एवं सांसद इमरान मसूद और राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी ने उन्हें मनाया और वापस अंदर लेकर आए.
कार्यभार ग्रहण के बाद फिर आमने-सामने आए समर्थक
आराधना मिश्रा मोना के कार्यभार ग्रहण करने के बाद अजय राय जब दोबारा बाहर निकले, तब विवाद फिर बढ़ गया. आरोप है कि ममता चौधरी और उनके साथ मौजूद महिलाओं ने फिर हंगामा शुरू कर दिया. इसके बाद अजय राय के समर्थक भी आक्रोशित हो गए. देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और धक्का-मुक्की शुरू हो गई.
स्थिति इतनी बिगड़ गई कि एक कार्यकर्ता ने हाथ में जूता निकाल लिया और दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया. प्रदेश मुख्यालय में हुए इस घटनाक्रम ने कांग्रेस के संगठनात्मक अनुशासन और नेताओं के बीच तालमेल पर सवाल खड़े कर दिए.
पार्टी की छवि खराब कर रहे ऐसे लोग: अजय राय
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि कुछ लोग गलत परंपरा डालना चाहते थे, इसलिए वह आगे बढ़ गए. उनका आरोप है कि उनके और उनके समर्थकों के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां की गईं. अजय राय के मुताबिक, ऐसे लोग पार्टी के हितैषी नहीं हो सकते और पार्टी की छवि खराब कर रहे हैं.
ममता चौधरी का पलटवार- महिलाओं के साथ मारपीट का आरोप
दूसरी ओर, ममता चौधरी ने घटना को लेकर अजय राय और उनके साथ आए लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनके मुताबिक, महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता आराधना मिश्रा मोना के स्वागत के लिए एकत्र थीं. उन्हें जब मोना के आने की जानकारी मिली और फिर अजय राय के पहुंचने की खबर मिली, तो जगह बनाने के लिए वे एक तरफ हो गईं.
ममता चौधरी का कहना है कि वह उस समय दूसरी महिलाओं से बातचीत कर रही थीं. उन्हें नहीं पता कि किसने क्या कहा या किसने कोई टिप्पणी की. उनके आरोप के मुताबिक, इसी बीच अजय राय उनकी ओर मुड़े और कथित तौर पर कहा, अपनी हद में रहिए. इसके बाद उनके साथ आए लोगों ने महिलाओं से आक्रामक तरीके से सवाल-जवाब किए और कथित तौर पर हाथ-पैर से मारपीट की.
ममता चौधरी ने दावा किया कि यह दो गुटों के बीच की लड़ाई नहीं थी, बल्कि एक तरफ पुरुष और दूसरी तरफ महिलाएं थीं. उन्होंने यह भी कहा कि वीडियो में वह अजय राय की तरफ देखती तक नजर नहीं आ रही हैं और उन्हें उनके कार्यक्रम स्थल में प्रवेश करने की जानकारी भी नहीं थी.
दलितों के साथ भेदभाव का भी लगाया आरोप
ममता चौधरी ने आरोप लगाया कि घटना के बाद उनके बारे में गलत बातें फैलाई जा रही हैं और ऐसी टिप्पणियां करने का आरोप लगाया जा रहा है, जो उन्होंने नहीं कीं. उन्होंने दलितों के साथ कथित भेदभाव का मुद्दा भी उठाया और कहा कि महिला कांग्रेस की पूरी टीम राहुल गांधी से मिलकर इस मामले की शिकायत करेगी. उनका कहना है कि पार्टी नेतृत्व के सामने अजय राय और उनके समर्थकों के व्यवहार का मामला उठाया जाएगा.
बड़ी पार्टी में ऐसी घटनाएं होती रहती हैं: इमरान मसूद
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने भी लखनऊ में नेताओं के बीच हुई हाथापाई पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा, नहीं, नहीं, बड़ी पार्टी में इस तरह की घटनाएं कुछ हद तक होती रहती हैं. इमरान मसूद ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को ऊर्जावान नेता बताते हुए कहा कि पार्टी में उनके योगदान को न तो भुलाया जा सकता है और न ही कम करके आंका जा सकता है. उनके बयान को पार्टी के भीतर विवाद के बीच अजय राय के योगदान के समर्थन के तौर पर देखा जा रहा है.
कौन हैं ममता चौधरी?
ममता चौधरी लखनऊ नगर निगम में कांग्रेस पार्षद दल की नेता हैं. वह लखनऊ के मालवीय नगर वार्ड से पार्षद हैं और लगातार चार बार से पार्षद चुनी जाती रही हैं. नगर निगम में कांग्रेस की प्रमुख महिला नेताओं में उनकी गिनती होती है.
नए प्रदेश अध्यक्ष के सामने पहली चुनौती
आराधना मिश्रा मोना के प्रदेश अध्यक्ष का कार्यभार संभालने के साथ ही पार्टी मुख्यालय में हुआ यह विवाद उत्तर प्रदेश कांग्रेस के लिए असहज स्थिति पैदा करने वाला है. एक तरफ निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के समर्थक अभद्र टिप्पणी और पार्टी की छवि खराब करने के आरोप लगा रहे हैं, तो दूसरी तरफ ममता चौधरी महिलाओं के साथ मारपीट और दलितों के प्रति कथित भेदभाव का मुद्दा उठा रही हैं.
लखनऊ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच क्यों हुई अपशब्दों की बौछार, किसने क्या कहा, अब राहुल की अदालत में जाएगा मामला
Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,