यूपी – रामपुर: परीक्षा देने जा रहे तीन छात्रों को अज्ञात वाहन ने रौंदा, एक की मौत, चचेरे भाई समेत दो गंभीर – INA

शाहबाद क्षेत्र में सोमवार सुबह पॉलीटेक्निक की परीक्षा देने जा रहे बाइक सवार तीन छात्रों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में एक छात्र की मौत हो गई, जबकि उसके चचेरे भाई समेत दो छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसा सुहावा गांव के पास हुआ। बरेली के मीरगंज थाना क्षेत्र के गांव सिंधौली निवासी शिशुपाल उर्फ सूरजपाल (24), अपने चचेरे भाई आशीष और गांव के ही आकाश के साथ बाइक से शाहबाद स्थित राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज में परीक्षा देने जा रहे थे।

इसी दौरान सुहावा गांव के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों छात्र सड़क पर कई मीटर तक घिसटते चले गए। हादसे में शिशुपाल उर्फ सूरजपाल की मौत जबकि आशीष और आकाश गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सीएचसी भिजवाया। घटना की जानकारी मिलने पर राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज का स्टाफ भी अस्पताल पहुंच गया। कोतवाल धनंजय सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घायलों का उपचार चल रहा है।


Credit By Amar Ujala

Back to top button