यूपी – Weather: बरेली में बारिश का सिलसिला जारी, 24 घंटे में 31 एमएम दर्ज; दो दिन मौसम का ऑरेंज अलर्ट – INA

बरेली में मानसून की सक्रियता बढ़ने से मंगलवार रात से जारी बारिश का दौर रुक-रुककर बुधवार को दिनभर जारी रहा। देर शाम घने बादल छाए और घंटे भर झमाझम बारिश से लोग तरबतर हुए। बृहस्पतिवार को सुबह से बादल छाए रहे।  रुक-रुककर बारिश का क्रम जारी है। बीते 24 घंटे में 31.4 एमएम (मिलीमीटर) बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने दो दिन बारिश का ऑरेंज अलर्ट और फिर बादल मंडराने का अनुमान जताया है।

बुधवार की सुबह और दोपहर में खंडवर्षा हुई। दोपहर में धूप निकली पर हवा में नमी की अधिकता से तपिश का अहसास नहीं हुआ। बीते दिनों के सापेक्ष उमस भी कम रही। अधिकतम तापमान दो डिग्री लुढ़ककर सामान्य से तीन डिग्री कम 32.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। शाम छह बजे के बाद फिर बादल घिरे और करीब घंटे भर तेज बारिश हुई। रात में भी रिमझिम का सिलसिला जारी रहा। न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 26.5 डिग्री सेल्सियस पर स्थिर रहा। 

यह भी पढ़ें- बरेली में बारिश से बहे दावे: स्मार्ट सिटी की सड़कों पर जलभराव, बच्चों ने थर्माकोल की नाव चलाकर जताया विरोध

किस इलाके में कितनी हुई बारिश 

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार शाम चार बजे तक शहर में 12.6 एमएम बारिश दर्ज की गई। जिले के स्टेशनवार बारिश के आंकड़ों के अनुसार शाम चार बजे तक बीते 24 घंटे में बहेड़ी में 28 एमएम, आंवला में 21.4 एमएम, फरीदपुर में 14 एमएम, नवाबगंज में पांच एमएम, मीरगंज में 2.5 एमएम बारिश हुई। जिन इलाकों में अनुकूल माहौल बनेगा, वहां गरज के साथ बारिश हो सकती है। तेज हवा चलने की संभावना भी जताई गई है। 


Credit By Amar Ujala

Back to top button