कनाडा की झील का नाम बदलने की सोच रहे ट्रम्प:‘लेक ओंटारियो’ का नाम ‘लेक अमेरिका’ रखेंगे, पहले गल्फ ऑफ मेक्सिको का नाम बदल चुके- INA NEWS

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दावा किया है कि वह अमेरिका और कनाडा की सीमा पर स्थित लेक ओंटारियो का नाम बदलकर ‘लेक अमेरिका रखने पर विचार कर रहे हैं। ट्रम्प का यह बयान ऐसे समय आया है, जब अमेरिका और कनाडा के बीच टैरिफ और व्यापार को लेकर तनाव बढ़ा हुआ है। समाचार एजेंसी AP के मुताबिक, ट्रम्प ने यह टिप्पणी कनाडा के साथ चल रहे व्यापारिक विवाद के बीच की। हालांकि, फिलहाल इस संबंध में कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है और न ही नाम बदलने की कोई औपचारिक प्रक्रिया शुरू हुई है। यह पहली बार नहीं है जब ट्रम्प ने किसी भौगोलिक क्षेत्र का नाम बदलने की बात कही हो। जनवरी 2025 में उन्होंने अमेरिकी सरकारी दस्तावेजों में ‘गल्फ ऑफ मेक्सिको’ को ‘गल्फ ऑफ अमेरिका’ कहने का आदेश दिया था। हालांकि, उस फैसले को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापक मान्यता नहीं मिली थी। क्यों अहम है लेक ओंटारियो? लेक ओंटारियो उत्तरी अमेरिका की पांच बड़ी झीलों (ग्रेट लेक्स) में से एक है। इसका उत्तरी किनारा कनाडा के ओंटारियो प्रांत और दक्षिणी किनारा अमेरिका के न्यूयॉर्क राज्य से जुड़ा है। यह झील दोनों देशों के लिए पेयजल, माल परिवहन, मत्स्य पालन और पर्यटन का अहम स्रोत है। सेंट लॉरेंस नदी के जरिए यह अटलांटिक महासागर से जुड़ती है, इसलिए उत्तर अमेरिका के व्यापारिक नेटवर्क में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका मानी जाती है। इसके प्रबंधन और संरक्षण के लिए अमेरिका और कनाडा के बीच कई समझौते भी हैं। क्या अमेरिका अकेले नाम बदल सकता है? विशेषज्ञों के मुताबिक, अमेरिका अपने सरकारी रिकॉर्ड, नक्शों और दस्तावेजों में किसी स्थान का नाम बदल सकता है। लेकिन यदि वह स्थान किसी दूसरे देश के साथ साझा है, तो नया नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वतः स्वीकार नहीं हो जाता। यानी अमेरिका अपने आधिकारिक दस्तावेजों में लेक ओंटारियो को कोई नया नाम दे सकता है, लेकिन कनाडा या अंतरराष्ट्रीय संस्थाएं उसे मानने के लिए बाध्य नहीं होंगी। यही स्थिति पहले ‘गल्फ ऑफ अमेरिका’ मामले में भी देखने को मिली थी। कनाडा से क्यों बढ़ रहा है तनाव? हाल के महीनों में अमेरिका और कनाडा के बीच टैरिफ, व्यापारिक नियमों और सीमा से जुड़े मुद्दों पर मतभेद बढ़े हैं। ट्रम्प प्रशासन ने कनाडा पर आर्थिक दबाव बढ़ाने की बात कही है, जबकि कनाडा ने भी कई अमेरिकी कदमों का विरोध किया है। विश्लेषकों का मानना है कि लेक ओंटारियो को ‘लेक अमेरिका’ कहने का सुझाव केवल नाम बदलने का मुद्दा नहीं है, बल्कि कनाडा के साथ जारी आर्थिक और राजनीतिक टकराव के बीच दिया गया एक प्रतीकात्मक संदेश भी हो सकता है। ट्रम्प के लिए नाम बदलना नया नहीं ट्रम्प अपने राजनीतिक संदेशों में प्रतीकों और नामों का इस्तेमाल पहले भी करते रहे हैं। ‘गल्फ ऑफ मेक्सिको’ को ‘गल्फ ऑफ अमेरिका’ कहने का फैसला भी इसी रणनीति का हिस्सा माना गया था। उस समय भी बहस छिड़ गई थी कि क्या कोई देश अकेले किसी अंतरराष्ट्रीय या साझा भौगोलिक क्षेत्र का नाम बदल सकता है। खबर अपडेट हो रही है…

Source link
यह पोस्ट सबसे पहले भस्कर डॉट कोम पर प्रकाशित हुआ हमने भस्कर डॉट कोम के सोंजन्य से आरएसएस फीड से इसको रिपब्लिश करा है |

Back to top button