मेट्रो में गाड़ी लगवाने का झांसा देकर नशीला पदार्थ खिलाकर कार चोरी करने के मामले में थाना एकता पुलिस और सर्विलांस टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने गुतला मोड़ के पास से अभिजीत वर्मा उर्फ लाला, प्रवीण कुमार और राहुल कुमार गुप्ता को पकड़ा।
एत्मादपुर गढ़ी जस्सा निवासी कार स्वामी जगबीर सिंह चौहान ने 31 जुलाई को प्राथमिकी दर्ज कराई थी। घटना 30 जुलाई की है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी अभिजीत ने राजीव उर्फ योनेंद्र के साथ कार चोरी करना स्वीकार किया। प्रवीण ने बताया कि उसकी मुलाकात दोनों से गया जेल में हुई थी। प्रवीण और राहुल ने चोरी की जानकारी होने के बावजूद करीब 20-22 दिन पहले कार खरीदी थी।
चोरी की गाड़ियों से बिहार-झारखंड में शराब तस्करी की जा रही थी। एसीपी ताज सुरक्षा यतेंद्र नागर ने बताया कि मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की कार, तीन मोबाइल और रुपये बरामद किए गए हैं। वांछित राजीव की तलाश जारी है।