सीजी- छत्तीसगढ़ पुलिस पर गंभीर आरोप: कबूलनामे के लिए दो भाइयों को पीटा गया, मारपीट की शिकायत पर एएसपी की सफाई क्या? – INA

छत्तीसगढ़ के राजनंदगांव जिले में दो भाइयों ने पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि एक हत्या के मामले में पूछताछ के दौरान पुलिस वालों ने उनके साथ मारपीट की। दोनों ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, घूमका थाना क्षेत्र के बरबसपुर गांव के रहने वाले पवन साहू और प्रदीप साहू हत्या के मामले में संदिग्ध हैं। परिवार के लोगों का आरोप है कि उनकी दादी बिहासिन साहू (70) की मौत की जांच के दौरान दोनों भाइयों के साथ मारपीट की गई।
क्या हुआ था पूरा मामला?
बिहासिन साहू का जला हुआ शव पिछले साल 13 नवंबर को गांव में धान के पुआल के ढेर में मिला था। पोस्टमार्टम में कथित तौर पर पता चला कि हत्या करने के बाद महिला के शव को जलाया गया था। इसके बाद पुलिस ने महिला के बेटे नेतराम साहू और पोते पवन व प्रदीप को पूछताछ के लिए बुलाया। परिवार के अनुसार, तीनों लोगों को 18 अगस्त की सुबह से 20 अगस्त की शाम तक थाने में रखा गया।
ये भी पढ़ें: धमतरी में रुद्री बांध बना एडवेंचर डेस्टिनेशन, कयाकिंग अकादमी शुरू होने से बढ़ा पर्यटकों का रोमांच
परिवार ने क्या आरोप लगाया?
- परिवार ने आरोप लगाया कि इस दौरान पवन और प्रदीप से कबूलनामा लेने के लिए मारपीट की गई।
- उनका दावा है कि 10 से 12 पुलिसकर्मियों ने दोनों भाइयों को पीटा। इसके बाद दोनों को बरबसपुर गांव के प्रवेश द्वार के पास छोड़ दिया गया।
- शिकायत में कहा गया है कि घायल दोनों भाइयों को बाद में मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। वहां दोनों को इलाज के लिए भर्ती कराया गया।
- परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि पूछताछ के दौरान तीनों लोगों को अपने रिश्तेदारों या वकील से मिलने नहीं दिया गया।
- नेतराम और परिवार के सदस्यों का कहना है कि महिला की मौत वाले दिन तीनों लोग एक दूसरे गांव में शादी के लिए लड़की देखने गए थे। उन्हें फोन पर महिला की मौत की जानकारी मिली थी।
- परिवार ने आरोप लगाया कि पुलिस सही दिशा में जांच करने के बजाय उन्हें हत्या के मामले में फंसाने की कोशिश कर रही थी।
पुलिस ने क्या कहा?
राजनंदगांव के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर ने कहा कि तीनों लोग हत्या के मामले में संदिग्ध हैं और उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया गया था। राठौर ने कहा कि जांच चल रही है और . भी पूछताछ की जाएगी। उन्होंने कहा कि हिरासत में मारपीट के आरोपों की भी जांच की जा रही है।