खबर शहर , Agra News: चीनी की किल्लत से पेठा कारोबारी परेशान – INA

आगरा। त्योहार पर चीनी की किल्लत से पेठा कारोबारी परेशान हैं। थोक विक्रेताओं की भंडारण क्षमता घटने के बाद भी उन्हें स्टॉक नहीं मिल रहा। बुधवार को भी मिलों से चीनी नहीं मिलने से कारोबारियों में रोष है। दो दिन में सप्लाई शुरू नहीं होने पर व्यापारी डीएम से मिलेंगे।

निजी मिलों की मनमानी और चीनी एजेंट्स की जमाखोरी से बाजार में चीनी की कृत्रिम कमी पैदा हो गई है। पिछले सात दिन से बेलनगंज में चीनी कारोबारी हाथ पर हाथ रखे बैठे हैं। इधर, नूरी दरवाजा से लेकर पेठा कारोबारियों को चीनी नहीं मिल रही। पेठा में सबसे ज्यादा चीनी का उपयोग होता है। शहीद भगत सिंह पेठा कुटीर उद्योग एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल का कहना है कि चीनी के बिना पेठा तैयार नहीं हो सकता। खराब गुणवत्ता की चीनी से पेठा की गुणवत्ता भी प्रभावित होती है। सरकार से मांग है कि जल्द चीनी की पर्याप्त आपूर्ति की जाए।

आगरा खंडसारी एंड शुगर डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष गिर्राज अग्रवाल ने बताया कि एक हजार क्विंटल पाक्षिक भंडारण क्षमता है लेकिन थोक विक्रेताओं के पास स्टॉक खत्म हो चुका है। नया स्टॉक नहीं मिल रहा। ऐसे में त्योहार पर पेठा, मिठाई आदि कारोबार प्रभावित हो सकते हैं। जल्द इस संबंध में व्यापारियों का प्रतिनिधिमंडल डीएम से मिलकर पर्याप्त सप्लाई कराए जाने की मांग रखेगा।


Credit By Amar Ujala

Back to top button