खबर शहर , Agra News: ब्रेकियल प्लेक्सस इंजरी से जूझ रहे मरीज का सफल ऑपरेशन – INA

आगरा। एसएन मेडिकल कॉलेज के प्लास्टिक सर्जरी विभाग के डॉक्टरों ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। सड़क हादसे में बुरी तरह प्रभावित हुए 21 वर्षीय युवक तुलाराम के दाहिने हाथ की नसों को माइक्रोसर्जरी के जरिये फिर से जीवनदान दिया है। ब्रेकियल प्लेक्सस नर्व ट्रांसफर सर्जरी से युवक के कंधे की रुकी हुई गतिविधि को सफलतापूर्वक बहाल कर दिया गया है।


विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. श्रीप्रिया पीपी और एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. प्रणय सिंह चकोटिया के नेतृत्व में इस जटिल माइक्रोसर्जिकल प्रक्रिया को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया। इस सर्जरी का मुख्य उद्देश्य मरीज के कंधे और हाथ को बाहर की ओर उठाने की क्षमता को दोबारा शुरू करना था। इस पूरी सर्जिकल प्रक्रिया में रेजिडेंट डॉक्टर डॉ. अर्पिता और डॉ. मोहित ने अपना महत्वपूर्ण सहयोग दिया। वहीं, एनेस्थीसिया (निश्चेतना) टीम की जिम्मेदारी डॉ. अमृता गुप्ता, डॉ. दीपिका चौबे और डॉ. विनिता लिप्टन ने बखूबी निभाई। एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने पूरी चिकित्सीय टीम की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्थान मरीजों को उच्चस्तरीय और उन्नत चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। डॉक्टरों के अनुसार, सफल सर्जरी के बाद अब मरीज की हालत में लगातार सुधार हो रहा है। संवाद


Credit By Amar Ujala

Back to top button