खबर शहर , Agra News: वरिष्ठजनों का सम्मान, मेधावी प्रतिभाओं को मिला प्रोत्साहन – INA

आगरा। श्री वार्ष्णेय सभा की ओर से रविवार को सूरसदन प्रेक्षागृह में वार्षिकोत्सव-2026 का आयोजन किया गया। समारोह में 75 वर्ष से अधिक आयु के 12 वरिष्ठजनों को सम्मानित किया गया। वहीं खेलकूद और सामान्य ज्ञान प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र दिए गए। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और महिला सशक्तीकरण पर आधारित नाटक ने आयोजन को विशेष बना दिया।

शुभारंभ केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, बहजोई के चेयरमैन राजू वार्ष्णेय, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, इंजीनियर एनसी गुप्ता, पार्षद रेनू गुप्ता ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। समारोह में घनश्याम वार्ष्णेय, कमलेश वार्ष्णेय, हरिशंकर, कुमुद और शशिबाला सहित 12 वरिष्ठजनों का अभिनंदन किया गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत बच्चों की गणेश वंदना से हुई। इसके बाद महिला मंडल ने सामूहिक वंदे मातरम प्रस्तुत किया। महिला सशक्तीकरण और सुरक्षा पर आधारित नाटक के माध्यम से महिलाओं के अधिकार, आत्मसम्मान और समान भागीदारी का संदेश दिया गया। इस दौरान सभा की वार्षिक स्मारिका एवं सनातन संस्कृति विशेषांक का विमोचन भी किया गया।

मीडिया प्रभारी केएम गुप्ता ने बताया कि सौंठ की मंडी स्थित श्री अक्रूर वाटिका में आयोजित खेलकूद एवं सामान्य ज्ञान प्रतियोगिताओं के विजेताओं को समारोह में पुरस्कृत किया गया।

डॉ. अशोक वार्ष्णेय कहा कि वार्षिकोत्सव समाज की एकजुटता, संस्कारों और प्रतिभाओं को सम्मान देने का अवसर है। अध्यक्ष दाऊदयाल गुप्ता ने अतिथियों, वरिष्ठजनों और सदस्यों का आभार जताया। संचालन भानु प्रकाश वार्ष्णेय, श्वेता वार्ष्णेय ने किया। इस मौके पर महिला अध्यक्ष श्वेता वार्ष्णेय, सहमंत्री भानु प्रकाश गुप्ता, लक्ष्मी नारायण गुप्ता, आरबी गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रह्लाद चंद्र गुप्ता, इंजीनियर विनय वार्ष्णेय, कालीचरण गुप्ता, संजय कुमार वार्ष्णेय, पंकज गुप्ता, रीना वार्ष्णेय, अंजली गुप्ता, रचना वार्ष्णेय आदि मौजूद रहे।


Credit By Amar Ujala

Back to top button